गाड़ी में बैठकर शराब पीने वालों की खैर नहीं, लुधियाना में पुलिस की सरप्राइज चेकिंग; काटे चालान
दुगरी में पुलिस ने अचानक चेकिंग अभियान चलाकर 118 संदिग्ध वाहनों की जांच की। कारों में शराब पीते मिले लोगों पर कार्रवाई करते हुए कई के चालान किए गए।

लुधियाना में वाहनों की चैकिंग करते हुए पुलिस।
HighLights
लुधियाना पुलिस ने दुगरी में चलाया विशेष चेकिंग अभियान।
सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ हुई कार्रवाई।
त्योहारी सीजन में कानून-व्यवस्था बनाए रखने को सख्ती जारी रहेगी।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। त्योहारी सीजन को देखते हुए लुधियाना कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बीती रात दुगरी इलाके में पुलिस ने अचानक विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने इस दौरान 118 संदिग्ध वाहनों की जांच की। वहीं, कारों में बैठकर सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर भी कार्रवाई की गई।
पुलिस टीमों ने इलाके में अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान कई लोग अपनी कारों में बैठकर शराब पीते हुए मिले। पुलिस ने मौके पर ही ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी। कुछ लोगों को सख्त हिदायत देकर छोड़ दिया गया, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए गए।
पुलिस की अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में देर रात तक हलचल बनी रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- पति से विवाद के बाद बस स्टैंड पर खड़ी महिला से जबरदस्ती की कोशिश, तरनतारन पुलिस ने पकड़ा आरोपी
लोगों की शिकायत के बाद बढ़ाई निगरानी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुगरी इलाके के लोगों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शाम होते ही कुछ लोग खुले स्थानों और अपनी कारों में बैठकर शराब पीते हैं। इससे आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी होती है और क्षेत्र का माहौल भी प्रभावित होता है।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने बिना पूर्व सूचना के अचानक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने संदिग्ध वाहनों को रोककर दस्तावेजों की जांच करने के साथ वाहनों के भीतर भी निगरानी की। शराब पीते मिले लोगों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई की गई।
यह भी पढ़ें- गुरप्रीत सेखों की AAP में एंट्री से जीरा की सियासत गरमाई, CM मान ने खुद कराया शामिल; किया शक्ति प्रदर्शन
आगे भी जारी रहेगी चेकिंग
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त संदीप वढेरा ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान केवल एक रात तक सीमित नहीं रहेगा। शहर के विभिन्न इलाकों में समय-समय पर अचानक चेकिंग की जाएगी।
पुलिस की ओर से त्योहारों के दौरान विशेष निगरानी रखी जा रही है। खासकर शाम और रात के समय सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, संदिग्ध गतिविधियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि आम लोगों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए सख्ती आगे भी जारी रहेगी।
