जालंधर में ऑटो से पैसे चोरी करने पहुंचे युवक को चालकों ने दबोचा, जमकर की धुनाई; पुलिस के किया हवाले
पठानकोट चौक में आटो से पैसे चोरी करने के शक में चालकों ने युवक को पकड़कर पीटा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे छुड़ाया और पूछताछ शुरू की।

जालंधर में लोगों की तरफ से पकड़े गए संदिग्ध को हिरासत में लेते हुए पुलिस।
HighLights
पठानकोट चौक पर ऑटो से चोरी करते युवक पकड़ा गया।
ऑटो चालकों ने युवक की पिटाई कर पुलिस को सौंपा।
पुलिस युवक से पुरानी चोरियों के बारे में पूछताछ कर रही।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पठानकोट चौक में रविवार को उस समय हंगामा हो गया, जब आटो से पैसे निकालने के आरोप में चालकों ने एक युवक को पकड़ लिया। चोरी के शक में आटो चालकों ने युवक की पिटाई शुरू कर दी। चौक में नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और युवक को चालकों के कब्जे से छुड़ाकर थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस के हवाले कर दिया।
आटो चालकों का कहना है कि पिछले कुछ समय से उनके आटो से लगातार पैसे चोरी हो रहे थे। रोजाना किसी न किसी चालक के आटो से रुपये गायब होने की शिकायत सामने आ रही थी। लगातार हो रही इन घटनाओं के कारण चालक पहले से सतर्क थे और आटो के आसपास घूमने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रख रहे थे।
रविवार को पठानकोट चौक में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में आटो के आसपास घूमता दिखाई दिया। चालकों के अनुसार, उन्होंने उसे कथित तौर पर आटो से पैसे निकालते हुए पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर देखते ही देखते काफी संख्या में आटो चालक एकत्र हो गए। आरोप को लेकर चालकों में गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने युवक की पिटाई शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें- गाड़ी में बैठकर शराब पीने वालों की खैर नहीं, लुधियाना में पुलिस की सरप्राइज चेकिंग; काटे चालान
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को छुड़ाया
चौक में नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों को जैसे ही युवक की पिटाई की सूचना मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आटो चालकों को हटाकर युवक को अपने कब्जे में लिया और उसे थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस को सौंप दिया।
पुलिस अब युवक से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि युवक वास्तव में आटो से पैसे निकाल रहा था या नहीं। इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पिछले दिनों आटो से हुई चोरी की घटनाओं में उसकी कोई भूमिका रही है या नहीं।
यह भी पढ़ें- अपराध की दुनिया से सियासत तक... गुरप्रीत सेखों ने CM मान की मौजूदगी में थामा AAP का दामन, मिल चुकी है 10 साल की सजा
पुरानी चोरियों को लेकर भी होगी पूछताछ
आटो चालकों ने पुलिस को बताया कि उनके वाहनों से लगातार रुपये चोरी होने के कारण वे काफी समय से परेशान हैं। ऐसे में पुलिस युवक से पूछताछ के आधार पर पुरानी घटनाओं की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल युवक के खिलाफ आगे की कार्रवाई पुलिस जांच के आधार पर की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और तथ्यों की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि वह चोरी की घटना में शामिल था या नहीं।
यह भी पढ़ें- मोगा थाना ग्रेनेड कांड में 17वीं गिरफ्तारी, रणजीत UK हैंडलर के संपर्क में था; करना था ट्रेन में धमाका!
