मोगा थाना ग्रेनेड कांड में 17वीं गिरफ्तारी, रणजीत UK हैंडलर के संपर्क में था; करना था ट्रेन में धमाका!
सदर थाना ग्रेनेड हमले में पुलिस ने 17वीं गिरफ्तारी की है। रणजीत यूके में बैठे संचालक के संपर्क में था। जांच में ट्रेन धमाके की साजिश भी सामने आई।

मोगा का थाना सदर।
HighLights
मोगा ग्रेनेड हमले में रणजीत सिंह गिरफ्तार।
यूके हैंडलर के संपर्क में था रणजीत।
फिरोजपुर-जम्मू ट्रेन में धमाके की साजिश।
संवाद सहयोगी, मोगा। मोगा के सदर थाना परिसर में आठ जुलाई को हुए लो-इंटेंसिटी ग्रेनेड हमले की जांच में पंजाब पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने जिला फिरोजपुर के गांव खंडूर निवासी रणजीत सिंह को चार सितंबर को गिरफ्तार किया। शनिवार को उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को दो दिन का रिमांड मिला है। इस मामले में अब तक 17 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पूरा नेटवर्क सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को अपने साथ जोड़कर वारदातों को अंजाम देने की साजिश रच रहा था। विशेष रूप से इंस्टाग्राम के जरिए स्थानीय युवाओं से संपर्क किया जाता था। इसके बाद विदेश में बैठे हैंडलरों के निर्देश पर अलग-अलग वारदातों की योजना तैयार की जाती थी।
जांच के दौरान पुलिस को इस नेटवर्क की एक और गंभीर साजिश का पता चला। आरोपितों की ओर से फिरोजपुर-जम्मू ट्रेन में आइईडी लगाने की योजना बनाई गई थी। पुलिस की समय रहते कार्रवाई के कारण इस साजिश को विफल कर दिया गया। जांच में सामने आया कि मक्खू के आसपास ट्रेन में धमाका करने की योजना थी।
यह भी पढ़ें- SIR नोटिस के बाद प्रूफ जुटाने में छूटे पसीने, वोट कटने का डर; कई लोगों के पास जन्म और 10वीं का प्रमाणपत्र नहीं
जेल में बंद गगन के संपर्क में भी था रणजीत
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किया गया रणजीत सिंह इस मामले के कथित मास्टरमाइंड इकबाल सिंह उर्फ रवि के संपर्क में था। इसके अलावा वह जेल में बंद गगन उर्फ काली के साथ भी संपर्क में रहा है। पुलिस को आशंका है कि जेल में बंद गगन फोन के माध्यम से अपने साथियों से संपर्क कर नेटवर्क को दिशा-निर्देश देता था।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में प्रॉपर्टी के लालच में नाती बना हैवान! नानी का गला घोंट उतारा मौत के घाट, CCTV फुटेज से खुला राज
पूछताछ में खुलता गया नेटवर्क
फरीदकोट रेंज की आइजी नीलांबरी जगदाले ने 21 जुलाई को बताया था कि ग्रेनेड हमले की जांच के लिए पुलिस की 10 टीमें गठित की गई थीं। जांच के शुरुआती चरण में जिला फिरोजपुर निवासी गगन, शुभम और राजेश को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस पूछताछ में सदर थाना परिसर में ग्रेनेड फेंकने की वारदात से जुड़े अहम सुराग मिले थे। इसके बाद पुलिस ने एक-एक कर नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, इस पूरे मॉड्यूल को कथित तौर पर इकबाल सिंह उर्फ रवि धालीवाल संचालित कर रहा था। वह फिलहाल यूके में रह रहा है और वहीं से अपने साथियों के संपर्क में रहकर उन्हें निर्देश देता था। पुलिस अब रणजीत सिंह से पूछताछ कर नेटवर्क में उसकी भूमिका, विदेश में बैठे हैंडलरों से संपर्क और अन्य वारदातों की साजिश से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। मामले में यूके और पाकिस्तान से जुड़े तारों की भी जांच की जा रही है।
