विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SIR नोटिस के बाद प्रूफ जुटाने में छूटे पसीने, वोट कटने का डर; कई लोगों के पास जन्म और 10वीं का प्रमाणपत्र नहीं

Published: Sun, 06 Sep 2026 01:52 PM (IST)

SIR नोटिस के बाद दस्तावेज जमा कराने पहुंचे लोगों को परेशानी हुई। कई लोगों के पास जन्म और दसवीं के प्रमाणपत्र नहीं हैं, जिससे वोट कटने का डर बढ़ा।

लुधियाना में कैंप में पहुंचे लोग।

लुधियाना में कैंप में पहुंचे लोग।

HighLights

  1. SIR कैंपों में मतदाता सूची के दस्तावेजों की कमी।

  2. जन्म और 10वीं के प्रमाणपत्र न होने से चिंता।

  3. सरकारी सुविधाओं के नुकसान का डर सता रहा।

विजय मौर्य, लुधियाना। स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत रविवार को शहर के कई सरकारी स्कूलों में विशेष कैंप लगाए गए। पुनरीक्षण के दौरान दस्तावेजों में कमी पाए जाने पर नोटिस प्राप्त करने वाले लोगों को जवाब देने और जरूरी प्रमाण जमा कराने के लिए बुलाया गया था। कैंप में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, लेकिन जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण कई लोगों की परेशानी कम होने के बजाय बढ़ गई।

लोगों की सबसे बड़ी चिंता 10वीं कक्षा के प्रमाणपत्र और जन्म प्रमाणपत्र को लेकर सामने आई। कई लोगों के पास इनमें से कोई एक या दोनों दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में वे कैंप में मांगे गए प्रमाण जमा नहीं करा सके। लोगों का कहना था कि लंबे समय से वे संबंधित क्षेत्र में रह रहे हैं और नियमित रूप से मतदान करते आए हैं, लेकिन अब दस्तावेजों की कमी के कारण मतदाता सूची से नाम हटने का डर सता रहा है।

यह भी पढ़ें- पंजाब में चुनाव से पहले होगी जनगणना, 40 सवालों में जाति-धर्म से लेकर COVID-19 टीके तक की जानकारी ली जाएगी

70 वर्षीय बुजुर्ग, बोलीं कहां से लाऊं प्रमाणपत्र

काकोवाल रोड निवासी 70 वर्षीय कौशल्या देवी भी नोटिस मिलने के बाद विशेष कैंप में पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनसे जन्म प्रमाणपत्र और दसवीं कक्षा का प्रमाणपत्र मांगा गया है, लेकिन उनके पास दोनों दस्तावेज नहीं हैं। वे इन्हें कहां से लेकर आए जबकि वह करीब 50 साल से इसी क्षेत्र में रह रही हैं और इसी मतदान केंद्र पर लगातार मतदान करती आई हैं।

उन्होंने कहा कि इतने वर्षों से मतदाता सूची में नाम होने के बावजूद अब दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण वोट कटने की चिंता बनी हुई है। उनका कहना था कि यदि मतदाता सूची से नाम हटता है तो उन्हें पेंशन और राशन जैसी सरकारी सुविधाओं को लेकर भी परेशानी होने की आशंका है।

यह भी पढ़ें- क्या SIR में दर्ज है आपका नाम? अमृतसर में 2240 केंद्रों पर वोटर लिस्ट सुधारने का आज आखिरी मौका

नोटिस का जवाब देने में असमर्थ लोग

कैंप में पहुंचे कई अन्य लोगों ने भी दस्तावेज जुटाने में आ रही दिक्कतों को सामने रखा। उनका कहना था कि पुराने दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण वे नोटिस का जवाब देने में असमर्थ हैं। लोगों ने प्रशासन और सरकार से प्रक्रिया में आ रही तकनीकी और दस्तावेज संबंधी दिक्कतों को दूर कर राहत देने की मांग की।

विशेष कैंपों में बूथ स्तर के अधिकारी लोगों के दस्तावेज और दावों-आपत्तियों से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। लोगों को उम्मीद है कि उनकी वास्तविक स्थिति को देखते हुए उचित समाधान निकाला जाएगा और केवल दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण वर्षों से मतदान कर रहे लोगों को परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।

यह भी पढ़ें- पंजाब में बिजली संकट गहराया, 1500MW घटा उत्पादन; कोयले की कमी से आधी क्षमता पर चल रहे बड़े थर्मल पावर प्लांट