विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद पीएम आवास योजना में हजारों अपात्र घोषित आवेदकों का हंगामा

Published: Fri, 27 Nov 2026 04:48 AM (IST)

गाजियाबाद में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों आवेदकों को अपात्र घोषित किए जाने पर लकी ड्रा के दौरान हंगामा हुआ। आवेदकों ने डूडा पर भ्रष्टाचार और पात्रता निर्धारण प्रक्रिया में धांधली का आरोप लगाते हुए दोबारा जांच की मांग की है।

दस्तावेज जमा, 6300 आवेदकों में महज 1800 पात्र ( फोटो स्रोत : जागरण)

दस्तावेज जमा, 6300 आवेदकों में महज 1800 पात्र ( फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. गाजियाबाद में पीएम आवास योजना के आवेदकों का विरोध प्रदर्शन।

  2. 6300 में से 4500 आवेदक अपात्र घोषित होने पर नाराजगी।

  3. डूडा पर भ्रष्टाचार और जांच प्रक्रिया में धांधली के आरोप।

शाहनवाज अली, गाजियाबाद। पक्के मकान का सपना लेकर प्रधानमंत्री आवास योजना में आवेदन करने वाले हजारों परिवारों को बड़ा झटका लगा है।

शाहबाद स्थित एसजीएस सिटी-2 प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 26 नवंबर को हिंदी भवन सभागार में आयोजित लकी ड्रा के दौरान पात्रता सूची को लेकर आवेदकों ने नाराजगी जताई।

प्रभावित आवेदकों ने लगाया आरोप

प्रभावित आवेदकों ने आरोप लगाया कि निर्धारित समय में आपत्तियां दर्ज कराने और आय प्रमाण पत्र, किरायानामा, जाति प्रमाण पत्र समेत सभी जरूरी दस्तावेज जमा करने के बावजूद उन्हें अपात्र घोषित कर दिया गया।

आवेदकों के अनुसार, योजना में करीब 6300 लोगों ने आवेदन किया था। इनमें से लगभग 1800 आवेदकों को ही पात्र घोषित किया गया, जबकि करीब 4500 आवेदन अपात्र कर दिए गए। प्रभावित लोगों का कहना है कि उन्होंने विभाग की ओर से मांगे गए सभी दस्तावेज निर्धारित समय में जमा किए थे।

इसके बावजूद उनका नाम पात्रता सूची में शामिल नहीं किया गया। आवेदकों ने पात्रता निर्धारण की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए दस्तावेजों और आपत्तियों की दोबारा जांच कराने की मांग की है।

आवेदकों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। लॉटरी ड्रा के दौरान अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, ओएसडी कनिका कौशिक, एडीएम वित्त एवं राजस्व व डूडा के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से लगाई गुहार

प्रभावित आवेदकों ने मामले में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के अलावा डीएम व जीडीए उपाध्यक्ष से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। डूडा की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए उन्होंने लकी ड्रा और आगे की आवंटन प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए।

आवेदनों की निष्पक्ष जांच और निर्धारित समय में दस्तावेज जमा करने वाले आवेदकों का दोबारा सत्यापन कराया जाए।पात्रता सूची, जांच प्रक्रिया और आपत्तियों के निस्तारण में पारदर्शिता बरती जाए।

डूडा पर पैसा लेकर निजी लोगों से जांच के आरोप

अपात्र घोषित किए गए आवेदकों ने हंगामा करते हुए डूडा पर आरोप लगाए कि निजी लोगों से आवेदकों के नाम पते और मोबाइल नंबर देकर जांच कराने के लिए भेजा जाता है, जो सभी दस्तावेज पूरे करने के बावजूद आवेदकों से दो से पांच हजार रुपये जांच के नाम पर मांगते हैं।

पैसा न देने वालों की कच्ची पैंसिल से निशानी लगाकर उन्हें बाद में अपात्र घोषित कर दिया जाता है। उन्होंने इस मामले में डूडा के साथ जीडीए अधिकारियों को भी शामिल करने की मांग करते हए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

योजना के तहत 1,493 ईडब्ल्यूएस आवासीय फ्लैटों का निर्माण किया गया। इसके लिए 6,277 आवेदन में जांच के बाद 1,807 पात्रों का लाटरी के माध्यम से 1,344 को आवास आवंटित किए गए।

अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति की निर्धारित श्रेणी में 149 आवासों के सापेक्ष अपेक्षित पात्र आवेदक न मिलने पर उनका आवंटन नहीं किया जा सका। आवंटन की संपूर्ण प्रक्रिया पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई गई।-- प्रदीप कुमार सिंह, अपर सचिव जीडीए

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद ट्रैफिक पुलिस में बड़ा फेरबदल, 10 लाख से अधिक ई-चालान जारी 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।