विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकिस्तान कर रहा भारत में दंगा भड़काने की साजिश! तिरंगे की आड़ में X पर फर्जी वीडियो वायरल, गाजियाबाद में FIR दर्ज

Published: Wed, 25 Nov 2026 08:46 AM (GMT+05:30)Updated: Wed, 25 Nov 2026 08:58 AM (GMT+05:30)

गाजियाबाद में कुछ एक्स अकाउंट्स द्वारा देश की आंतरिक सुरक्षा को निशाना बनाकर फर्जी पोस्ट किए जा रहे हैं।

गाजियाबाद पुलिस। फाइल फोटो - सोशल मीडिया

गाजियाबाद पुलिस। फाइल फोटो - सोशल मीडिया

HighLights

  1. एक्स अकाउंट्स से देश की आंतरिक सुरक्षा को निशाना बनाया जा रहा।

  2. पुलिस ने पाकिस्तान-संचालित खातों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की।

  3. फर्जी पोस्ट हटाने और अकाउंट बंद करने की मांग की गई।

हसीन शाह, गाजियाबाद। कुछ एक्स हैंडल से लगातार देश की आंतरिक सुरक्षा को निशाना बनाकर पोस्ट किए जा रहे हैं। पुलिस ने जांच के बाद पोस्ट को हटवाने के लिए एक्स को ई-मेल किया था लेकिन अभी तक न तो पूरी तरह पोस्ट हटी हैं और न ही एक्स अकाउंट बंद किए गए हैं।

सूत्रों की माने तो ये अकाउंट पाकिस्तान से संचालित हो रहे हैं। पुलिस ने एक्स अकाउंट के खिलाफ साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

साइबर क्राइम पुलिस थाना में 10 नवंबर एफआईआर दर्ज की गई थी। एफआईआर में एक्स यूजर आईडी कपूरफैम और क्यूटगर्लइंडिया 21 के अज्ञात संचालकों को आरोपी बनाया गया था।

शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका जताई

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को इन अकाउंट से अज्ञात स्थान की भीड़ के वीडियो के साथ गाजियाबाद में पांच मस्जिदें गिराए जाने, नमाज के दौरान पुलिस द्वारा गोली चलाने और विरोध में सड़कों पर उतरने से जुड़े फर्जी दावे किए गए थे। जिससे सांप्रदायिक तनाव व शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका जताई गई।

एफआईआर दर्ज होने के बाद भी इन अकाउंट के जरिए अलग-अलग संवेदनशील विषयों को जोड़कर एक सुनियोजित नैरेटिव गढ़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कपूरफैम अकाउंट पर पार्वती कपूर नाम और राष्ट्रीय प्रतीकों से जुड़ी छवियों का इस्तेमाल करते हुए अक्टूबर 2026 में जुड़ने का विवरण दिखता है। जबकि अन्य अकाउंट पर भी भारतीय पहचान, झंडे या भारतीय नागरिक होने के दावों के साथ पोस्ट डाली गई हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये खाते पाकिस्तान से संचालित किए जा रहे हैं।

सभी खातों से एक जैसे किए जा रहे पोस्ट

एक्स अकाउंट को खोलने पर पता चलता है कि तीनों पर एक जैसे मिलते जुलते पोस्ट किए गए हैं।गाजियाबाद में मस्जिद तोड़ने का फर्जी वीडियो तीनों अकाउंट से पोस्ट किए गए है। दो एक्स अकाउंट तनुशी तिवारी के नाम से बनाए गए हैं। जबकि दोनों की यूजर आईडी अगल-अगल हैं।

वहीं, तीनों अकाउंट से फालोवर्स 225, 40 और 26 हैं। इतने कम फालोवर्स होने के बाद भी कुछ वीडियो पर 50 हजार से अधिक लोग देख चुके हैं।

विभिन्न राज्यों में तनाव के दावे

एक प्रोफाइल से अलग-अलग राज्यों और दो समुदायों को जोड़कर तनावपूर्ण दावे किए गए। कभी गाजियाबाद में मस्जिद को घेरने की पुरानी तस्वीर साझा की गई, तो कभी तमिलनाडु में झड़प और मौतों की बातें लिखी गईं। पुलिस की प्राथमिकी में भी ऐसे भ्रामक दावों से शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताई गई है।

राष्ट्रीय प्रतीकों की आड़ में विवादित पोस्ट

एक खाते पर राष्ट्रीय प्रतीकों वाली तस्वीर और भारतीय नाम लगाकर जुड़ाव दिखाया गया। इसी हैंडल से रक्षा तैयारियों, लड़ाकू विमानों, करतारपुर कॉरिडोर और संवेदनशील घटनाओं पर झूठे दावे किए गए। एफआईआर में भी यह हैंडल शामिल है।

एक्स हैंडल को बंद कराने के लिए पत्राचार किया गया है। जल्द ही इन्हें बंद कराया जाएगा और इनकी जांच की जाएगी। - राज करन नैयर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त

यह भी पढ़ें- चौकी के बाहर धमाके से लेकर फर्जी वीडियो तक... गाजियाबाद की हर बड़ी साजिश में क्यों जुड़ रहा पाकिस्तान कनेक्शन?


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।