विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चौकी के बाहर धमाके से लेकर फर्जी वीडियो तक... गाजियाबाद की हर बड़ी साजिश में क्यों जुड़ रहा पाकिस्तान कनेक्शन?

By Vinit Edited By: Kapil Kumar
Published: Mon, 23 Nov 2026 09:21 AM (IST)

गाजियाबाद में बीते एक साल में पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क की गतिविधियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ाई है। 

युवाओं के मोबाइल पर आ रहे कॉल का पाकिस्तान कनेक्शन। फाइल फोटो - जागरण

युवाओं के मोबाइल पर आ रहे कॉल का पाकिस्तान कनेक्शन। फाइल फोटो - जागरण

HighLights

  1. गाजियाबाद में पाक-लिंक्ड संदिग्ध गतिविधियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ाई।

  2. आतंकी विचारधारा प्रसार, जासूसी कैमरे, धमाके, फर्जी पोस्ट सामने आए।

  3. स्थानीय गिरफ्तारी पर भी सीमा पार हैंडलर तक पहुंचना चुनौती।

विनीत कुमार, गाजियाबाद। गाजियाबाद में बीते करीब एक साल के दौरान पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क की गतिविधियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ाई है।

कभी आतंकी संगठनों की विचारधारा से प्रभावित होकर युवाओं को जोड़ने की कोशिश सामने आई तो कभी पाकिस्तानी हैंडलरों के निर्देश पर संवेदनशील स्थानों की निगरानी के लिए कैमरे लगाए गए।

अब पुलिस चौकी में धमाके और सोशल मीडिया पर सांप्रदायिक तनाव फैलाने वाली फर्जी पोस्ट के तार भी पाकिस्तान से जुड़ते दिखाई दे रहे हैं।

वहीं, अलग-अलग घटनाओं में स्थानीय स्तर पर आरोपियों की गिरफ्तारी और जांच तो हुई, लेकिन सीमा पार बैठे संचालकों और उनके पूरे नेटवर्क की भूमिका अब भी बड़ा सवाल बनी हुई है।

नजरअंदाज नहीं किया जा सकता

इन घटनाओं को एक ही नेटवर्क की साजिश मानने के अभी पर्याप्त प्रमाण नहीं हैं, लेकिन इनसे सामने आ रही चुनौती को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

सवाल यह है कि स्थानीय स्तर पर मददगारों की गिरफ्तारी के बाद पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों तक पहुंचने में कितनी सफलता मिली। उनके लिए काम करने वालों को धन कौन उपलब्ध करा रहा है। अलग-अलग घटनाओं के डिजिटल साक्ष्य और संपर्कों का आपस में कोई संबंध है या नहीं। पुलिस इन सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

मसूरी से कौशांबी तक सामने आया नेटवर्क

मार्च 2026 में मसूरी के नाहल गांव से छह लोगों की गिरफ्तारी ने सुरक्षा एजेंसियों को चौंका दिया था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और पाकिस्तान में मौजूद आतंकी फरहतुल्लाह घोरी से जुड़ी सामग्री सोशल मीडिया पर देखते और वायरल करते थे। उनके संपर्कों और गतिविधियों की जांच में आतंकी विचारधारा के प्रसार का मामला सामने आया।

इसके दो दिन बाद ही कौशांबी थाने में पाकिस्तानी हैंडलरों के लिए जासूसी करने वाले नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ। आरोपियों पर रेलवे स्टेशनों और संवेदनशील प्रतिष्ठानों के आसपास सिम आधारित कैमरे लगाने, फोटो-वीडियो बनाने और उन्हें पाकिस्तान भेजने का आरोप लगा।

इस मामले में कुल 21 आरोपित गिरफ्तार किए गए। पांच नाबालिगों के संबंध में किशोर न्याय बोर्ड में रिपोर्ट दाखिल हुई और एनआइए ने सितंबर में 13 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया। जांच अभी जारी है।

धमाके से डिजिटल साजिश तक पाक कनेक्शन

छह नवंबर को वसुंधरा पुलिस चौकी के बाहर हुए धमाके ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया। धमाके में एक डिलीवरी ब्वाय घायल हुआ था।

वहीं, जांच में पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के नेटवर्क की भूमिका का संदेह सामने आया। लेकिन धमाके में पाकिस्तानी नेटवर्क की भूमिका अभी आधिकारिक रूप से साबित नहीं हुई है।

इसी बीच 19 नवंबर को एक्स पर गाजियाबाद में मस्जिद पर हमले का फर्जी वीडियो वायरल किया। साइबर जांच में इनके भी पाक कनेक्शन की बात सामने आई है। इस मामले में भी केस दर्ज किया गया है।

यह भी पढ़ें- घर के बाहर खड़े होकर लगाए पाकिस्तान और ISI के समर्थन में नारे, फरीदाबाद पुलिस ने शुरू की वीडियो की जांच

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।