विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नया कनेक्शन हो या बिल सुधार, अब एक ही छत के नीचे होंगे सारे काम; वसुंधरा में बन रही बिजली निगम की बिल्डिंग

Published: Wed, 25 Nov 2026 11:26 PM (GMT+05:30)

ट्रांस हिंडन क्षेत्र के 4.50 लाख बिजली उपभोक्ताओं के लिए वसुंधरा सेक्टर-सात में चार करोड़ की लागत से काॅरपोरेट बिल्डिंग बन रही है। यहां नया कनेक्शन, बिल सुधार, खराब मीटर बदलने सहित सभी बिजली संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर मिलेंगी।

वसुंधरा सेक्टर-सात में निर्माणधीन विद्युत निगम का कॉरपोरेट ऑफिस। जागरण

वसुंधरा सेक्टर-सात में निर्माणधीन विद्युत निगम का कॉरपोरेट ऑफिस। जागरण

राहुल कुमार, साहिबाबाद। ट्रांस हिंडन क्षेत्र के करीब 4.50 लाख बिजली उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर नया कनेक्शन लेने से लेकर बिल ठीक कराने तक की सुविधा मिलेगी।

इसके लिए वसुंधरा सेक्टर-सात में इंदिरापुरम थाने के पास करीब चार करोड़ की लागत से 300 वर्ग मीटर में कॉरपोरेट बिल्डिंग का निर्माण किया जा रहा है।

इसमें मुख्य अभियंता से लेकर अधीक्षण अभियंता और अधिशासी अभियंता (व्यावसायिक) बैठकर उपभोक्ताओं की समस्या सुनेंगे। साथ ही बिजली का नया कनेक्शन देने, खराब मीटर बदलने, बिल त्रुटि समेत तमाम समस्याओं का समाधान करेंगे।

एक ही बिल्डिंग में बैठेंगे सभी अधिकारी

विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता अभी इंदिरापुरम के काला पत्थर रोड स्थित कार्यालय में बैठते हैं। इसके अलावा कॉमर्शियल के अधिशासी अभियंता वसुंधरा सेक्टर-10 व 16 में बैठते हैं।

इससे उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं को लेकर अलग-अलग कार्यालयों में भटकना पड़ता है। वसुंधरा सेक्टर-सात में बनाई जा रही बिल्डिंग में ही सभी अधिकारियों के कार्यालय होंगे। साथ ही मुख्य अभियंता भी इसी बिल्डिंग में बैठेंगे।

यहां पूरे ट्रांस हिंडन क्षेत्र के उपभोक्ता अपनी समस्या रख सकेंगे। अधिकारियों का कहना है कि इस बिल्डिंग का निर्माण 31 मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यानी करीब अगले चार माह में कार्य पूरा किया जाएगा। इसके लिए निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।

उपभोक्ताओं को 20 किलोमीटर लगानी पड़ेगी दौड़

इसमें एक तरफ उपभोक्ताओं को राहत जरूर रहेगी, लेकिन दूसरी तरफ उनके सामने चुनौती भी होगी। ट्रांस हिंडन के विभिन्न क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को यहां तक पहुंचने के लिए 15 से 20 किलोमीटर तक का सफर तय करना पड़ेगा।

उपभोक्ताओं का कहना है कि जब से वर्टिकल व्यवस्था लागू हुई है, तब से परेशानी झेलनी पड़ रही है। अब एक ही जगह कार्यालय होने से अधिक सफर तय करना पड़ेगा। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि लोगों की इस समस्या को भी उच्चाधिकारियों के सामने रखा गया है।

वर्टिकल व्यवस्था बदलने का प्रस्ताव रख चुके हैं जनप्रतिनिधि

जिले में नवंबर 2025 में वर्टिकल व्यवस्था लागू की गई थी। इस व्यवस्था के अंतर्गत हर अधिकारी को केवल एक ही कार्य की जिम्मेदारी दी गई। पहले एक ही अधिकारी मीटर, बिल, बिजली कटौती समेत सभी समस्याएं सुनता था।

इसमें सबसे बड़ी समस्या यह आई कि एक ही कार्य के लिए एक ही अधिकारी होने के कारण उपभोक्ताओं को दूर जाना पड़ता है।

बीते दिनों हुई दिशा की बैठक में जनप्रतिनिधियों ने कहा था कि इस व्यवस्था को बदलकर कार्यों को भौगोलिक क्षेत्र के आधार पर बांटा जाए। इससे उस क्षेत्र के उपभोक्ता अपने आसपास ही कार्य कर सकेंगे। उन्हें दूर नहीं जाना पड़ेगा।

कॉरपोरेट बिल्डिंग का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यहां मुख्य अभियंता, अधीक्षण अभियंता व कॉमर्शियल के अधिशासी अभियंता बैठेंगे। उपभोक्ता ज्यादातर कार्य एक ही स्थान पर करा सकेंगे।

-अखिलेश सिंह, अधीक्षण अभियंता, विद्युत नगरीय वितरण मंडल-तृतीय।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में इंस्टाग्राम ने बचा ली 19 साल के युवक की जान, महज 8 मिनट में पहुंची पुलिस; सुसाइड से रोका

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।