विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

No PUCC No Fuel: दूसरे दिन भी नहीं चला सर्वर, पेट्रोल पंपाें पर लगने लगे पोस्टर

Published: Sat, 03 Oct 2026 06:30 AM (IST)

गाजियाबाद में 1 अक्टूबर से 'नो पीयूसीसी नो फ्यूल' अभियान शुरू हुआ, लेकिन सर्वर ठप होने के कारण वाहनों की ...और पढ़ें

पेट्रोल पंपों पर लोग हो रहे परेशान।

पेट्रोल पंपों पर लोग हो रहे परेशान।

HighLights

  1. गाजियाबाद में 1 अक्टूबर से 'नो पीयूसीसी नो फ्यूल' अभियान शुरू।

  2. खाद्य एवं रसद विभाग का पीयूसीसी जांच ऐप सर्वर ठप।

  3. जागरूकता हेतु पेट्रोल पंपों पर 'नो पीयूसीसी नो फ्यूल' पोस्टर लगे।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देश पर एक अक्टूबर से नो पीयूसीसी नो फ्यूल अभियान शुरू किया गया है। लगातार दूसरे दिन सर्वर न चलने के कारण खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा तैयार एप पर यह चेक नहीं किया जा सका कि किस वाहन का प्रदूषण प्रमाण पत्र बना है और किस वाहन का नहीं है।

ऐसे में बिना जांच के ही वाहनाें को ईंधन दिया गया। जागरूकता के लिए पेट्रोल पंपों पर अब नो पीयूसीसी नो फ्यूल अभियान के संबंध में पोस्टर लगाए जाने लगे हैं, जिससे कि वाहन चालक ईंधन लेने से पहले अपने वाहन का पीयूसीसी अवश्य करा लें।

गाजियाबाद पेट्रोल डीजल विकेता एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन गाेयल ने बताया कि पेट्रोल पंप पर आने वाले वाहनों के पीयूसीसी की जांच के लिए खाद्य एवं रसद विभाग की ओर से एप तैयार किया गया है।

no pucc no fuel

कैसे काम करता है एप?

इस एप पर वाहन का फोटो खींचकर अपलोड करने या वाहन का नंबर दर्ज करने पर यह पता चल जाता है कि वाहन का पीयूसीसी बना है या नहीं बना है।

बृहस्पतिवार को अभियान की शुरुआत होने पर सुबह कुछ देर के लिए एप चला इसके बाद सर्वर फेल हाेने के कारण एप ने काम करना बंद कर दिया, लगातार दूसरे दिन भी यही स्थिति रही। ऐसे में बिना पीयूसीसी की जांच के ही वाहनों को ईंधन दिया जा रहा है।

वाहन चालकों को जागरूक करने के लिए सभी पेट्रोल पंप संचालकों क निर्देश दिए गए हैं कि वे पेट्रोल पंप पर नो पीयूूसीसी नो फ्यूल के पोस्टर लगा लें। शुक्रवार को कई पेट्रोल पंपों पर ये पोस्टर लगाए भी जा चुके हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी अमित तिवारी का कहना है कि सर्वर ठीक से काम करे, इसके लिए प्रयास किया जा रहा है। एप चलने के बाद सभी पेट्रोल पंपों पर नो पीयूसीसी नो फ्यूल अभियान का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में 'नो PUCC, नो फ्यूल' नियम लागू, अब एप से होगी बिना पीयूसीसी वाहनों की पहचान

यह भी पढ़ें- ग्रेटर नोएडा में बढ़ते वायु प्रदूषण पर CM योगी का एक्शन, 1 अक्टूबर से बिना PUCC नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल