ग्रेटर नोएडा में बढ़ते वायु प्रदूषण पर CM योगी का एक्शन, 1 अक्टूबर से बिना PUCC नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर ग्रेटर नोएडा में वायु प्रदूषण रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
मुख्यमंत्री योगी के निर्देश पर ग्रेटर नोएडा में प्रदूषण नियंत्रण के उपाय।
1 अक्टूबर से बिना वैध PUCC वाहनों को ईंधन नहीं मिलेगा।
मोबाइल ऐप और ANPR कैमरों से होगी वाहनों की जांच।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। वायु प्रदूषण की रोकथाम के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश के बाद जिला स्तर पर असर दिखने लगा है। जिले में वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र के बिना वाहनों को पेट्रोल पंप पर पेट्रोल, डीजल की बिक्री नहीं होगी।
ऐसे वाहनों की पहचान मोबाइल एप से होगी। पूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंप पर अभी तक 114 पेट्रोल पंप में से 50 पेट्रोल पंप पर पीयूसी चेकिंग एप को डाउन लोड करा दिया है। आयु पूरी कर चुके वाहनों की पहचान के लिए एएनपीआर कैमरे लगाने का काम शुरू हो गया है।
सीएम ने की तैयारियों की समीक्षा
सर्दियों के दौरान एनसीआर में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तैयारियों की समीक्षा की थी। उन्होंने अधिकारियों को वायु प्रदूषण से रोकथाम के उपायों को जल्द से जल्द लागू करने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जिले के अधिकारी सड़कों पर उतर गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल ने शनिवार को पेट्रोल पंप का निरीक्षण किया। उन्होंने एक अक्टूबर से बिना वैध पीयूसीसी के चलने वाले वाहनों को डीजल पेट्रोल की बिक्री न करने के निर्देश दिए। प्रमाण पत्र की जांच के लिए
एप डाउनलोड कराने के भी निर्देश दिए। वाहन चालकों को एक अक्टूबर तक पीयूसीसी लेने का समय दिया गया है।
मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाएगी जांच
जिला पूर्ति अधिकारी निलेश उत्पल ने बताया कि दिल्ली एनसीआर में वायु प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग अधिनियम, 2021 की धारा 12 के तहत एक अक्टूबर से बिना पीयूसीसी के वाहनों को पेट्रोल-डीजल की बिक्री नहीं होगी।
पेट्रोल पंप पर आने वाले वाहनों की मोबाइल एप के माध्यम से जांच की जाएगी। पीयूसीसी प्रमाण पत्र होने या न होने की सूचना परिवहन विभाग से साझा की जाएगी। जांच का काम शुरू कर दिया गया है।
वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द प्रमाण पत्र हासिल कर लें। ताकि उन्हें ईंधन लेने में कोई अड़चन न हो।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में प्रदूषण पर लगाम: 1 अक्टूबर से ‘नो PUCC, नो फ्यूल’, BS-4 से नीचे के वाहन होंगे स्क्रैप
यह भी पढ़ें- बिना PUC नहीं मिलेगा पेट्रोल-डीजल! गाजियाबाद और लोनी में प्रदूषण रोकने के लिए मुख्यमंत्री योगी के कड़े आदेश
