मंगलवार को दुकान क्यों खोली? गाजियाबाद में नानवेज शॉप पर युवक की दबंगई, आग लगाने की धमकी दी
गाजियाबाद के कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को खुली एक नानवेज की दुकान को बंद कराने पहुंचे सत्यम पंडित नामक युवक ने दुकानदार को आग लगाने की धमकी दी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को खुली नानवेज की दुकान को बंद कराने पहुंचे एक युवक ने दोबारा मंगलवार को दुकान खुली पाए जाने पर आग लगाने की धमकी दी है।
इस घटना से जुड़ा एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस ने वीडियो प्रसारित होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रसारित वीडियो में मंगलवार को खुली हुई एक नानवेज की दुकान पर पहुंचे सत्यम पंडित नामक युवक बुजुर्ग दुकानदार को धमकाता हुआ दिख रहा है। सत्यम के धमकाने पर बुजुर्ग और वहां मौजूद युवक दुकान का सामान समेटते हुए दिख रहे हैं।

मंगलवार के दिन का दिया हवाला
आरोपित उनसे बोल रहा है कि जब मंगलवार के दिन का पता है तो दुकान क्यों खोली। दुकान पर दो ग्राहक भी उस समय खड़े हुए दिख रहे हैं।
दुकान पर मौजूद युवक जब सामान समेटते हैं तभी सत्यम उन्हें धमकाता है कि आगे मंगलावर को दुकान खुली मिली तो वह आग लगा देगा। इस संबंध में एसीपी कोतवाली उपासना पांडेय का कहना है कि वीडियो के आधार पर जांच कराई जा रही है। शीघ्र आरोपित के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
