गाजियाबाद में 26 दिन तक थाने के चक्कर काटता रहा पति, पत्नी के प्रेमी की धमकी पर खुद को लगाई आग
गाजियाबाद में पत्नी और बेटी के लापता होने पर पुलिस की निष्क्रियता से परेशान एक व्यक्ति ने आत्मदाह का प्रयास किया। इस घटना के बाद पुलिस ने मां-बेटी की तलाश तेज कर दी है, जबकि पीड़ित 26 दिन से मदद मांग रहा था।

जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती आशीष पांडेय। जागरण
HighLights
पति ने पत्नी-बेटी के लापता होने पर आत्मदाह का प्रयास किया।
26 दिन पुलिस निष्क्रिय रही, आत्मदाह के बाद तलाश तेज हुई।
पेट्रोल पंप से बोतल में डीजल खरीदने पर सवाल उठे।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पत्नी और छह साल की बेटी की बरामदगी के लिए 26 दिन तक थाने और चौकी के चक्कर काटने के बावजूद कोई नतीजा नहीं निकला। पुलिस अधिकारियों से शिकायत और लगातार गुहार लगाने के बाद भी मां-बेटी का पता नहीं चला।
इस बीच पत्नी के प्रेमी की कथित धमकी से आहत पति ने मंगलवार को खुद को आग लगा ली। घटना के बाद पुलिस की सक्रियता बढ़ी और अब मां-बेटी की तलाश तेज कर दी गई है।
जबकि पति 26 दिन से पुलिस से मदद मांग रहा था। पति के आत्मदाह की कोशिश के बाद ही पुलिस मां-बेटी की तलाश में जुटी। इससे पहले पुलिस कार्रवाई के नाम पर खानापूरी कर रही थी।
26 दिन तक पुलिस से लगाता रहा गुहार
नंदग्राम के टेंपो स्टैंड के पास गली नंबर दो निवासी आशीष पांडेय की पत्नी कंचन छह वर्षीय बेटी गौरी को लेकर 28 अक्टूबर को घर से चली गई थीं। वापस नहीं लौटने पर आशीष ने 29 अक्टूबर को नंदग्राम थाने में शिकायत दी थी।
हालांकि, पुलिस ने एक नवंबर को मां-बेटी की गुमशुदगी दर्ज की। आशीष ने बताया कि वह लगातार पत्नी व बेटी की तलाश के लिए पुलिस के चक्कर काट रहे थे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन दोनों का पता नहीं चल सका।
आशीष का कहना है कि उनकी पत्नी की इंस्टाग्राम पर जोधपुर निवासी युवक से बातचीत होती थी। इस युवक का इंस्टाग्राम पर राकेश के नाम से अकाउंट है। सोमवार को उनकी इंस्टाग्राम पर उस युवक से बातचीत हुई थी।
आरोप है कि युवक ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं करने, पत्नी और बेटी के लापता होने के बाद रिश्तेदारों और पड़ोसियों के तानों से पहले ही परेशान आशीष आरोपित युवक की धमकी से और आहत हो गए।
इसके बाद नंदग्राम में पिंक बूथ चौकी के पीछे सुनसान स्थान पर पहुंच गए। यहां उन्होंने अपने भाई अनिल पांडेय को फोन कर खुद को आग लगाने की बात बताई।
भाई पुलिस चौकी पहुंचा, इसी दौरान आशीष ने खुद पर डीजल छिड़ककर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरे आशीष को भाई ने नाले में धकेल दिया, जिससे आग बुझ गई।
स्वजन उन्हें जिला एमएमजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वह करीब 20 प्रतिशत झुलस गए हैं और उनकी हालत में सुधार है।
बोतल में कैसे बेच दिया डीजल
आत्मदाह की कोशिश के लिए आशीष ने मंगलवार को सिटी फॉरेस्ट के पास स्थित पेट्रोल पंप से बोतल में दो लीटर डीजल खरीदा। जबकि पेट्रोल पंप पर बोतल में ईंधन की बिक्री प्रतिबंधित होने के बावजूद उन्हें डीजल कैसे दे दिया गया।
नंदग्राम पुलिस का कहना है कि महिला मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रही है। इस कारण उसकी लोकेशन ट्रेस नहीं हो पा रही है। पुलिस मां-बेटी की तलाश में जुटी है।
वहीं, आशीष का दावा है कि पत्नी और उसका प्रेमी अब भी लगातार इंस्टाग्राम चला रहे हैं। इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय होने के बावजूद पुलिस मां-बेटी तक क्यों नहीं पहुंच पा रही है।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में इंस्टाग्राम ने बचा ली 19 साल के युवक की जान, महज 8 मिनट में पहुंची पुलिस; सुसाइड से रोका
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।