एक अफसर छुट्टी पर तो दूसरा लापता, गाजियाबाद में स्टेडियम का गेट न खुलने से खिलाड़ियों की प्रैक्टिस रुकी
गाजियाबाद के महामाया स्टेडियम में मंगलवार को खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए मुख्य गेट बंद मिलने से परेशानी हुई। सुबह ...और पढ़ें

स्टेडियम का गेट नहीं खुलने पर बाहर इंतजार करते खिलाड़ी। फोटो: जागरण
HighLights
महामाया स्टेडियम में अभ्यास के लिए गेट बंद मिला
सुबह 5:30 बजे के बजाय 6:30 बजे तक गेट नहीं खुला
खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में अव्यवस्था को लेकर नाराजगी
शाहनवाज अली, गाजियाबाद। शहर के महामाया स्टेडियम में मंगलवार सुबह अभ्यास के लिए पहुंचे खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा।
स्टेडियम में प्रशिक्षण का समय सुबह 5:30 बजे निर्धारित है, लेकिन सुबह 6.30 बजे तक भी मुख्य गेट नहीं खोला गया, जिससे अभ्यास पूरी तरह प्रभावित रहा।
आखिरकार सुरक्षा में तैनात गार्ड ने पीछे युवा कल्याण विभाग कार्यालय की ओर से जाकर गेट खुलवाया। मैदान के बाहर इंतजार कर रहे खिलाड़ियों में नाराजगी साफ नजर आई।
क्रीड़ा अधिकारी छुट्टी पर, उप क्रीड़ा अधिकारी भी गायब
प्रशिक्षकों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से न केवल खिलाड़ियों का कीमती समय बर्बाद होता है, बल्कि उनके अनुशासन और मनोबल पर भी असर पड़ता है।
क्रीड़ा अधिकारी अभिषेक धनुक अवकाश पर हैं, जबकि उनकी अनुपस्थिति में कार्यभार उप क्रीड़ा अधिकारी मधु अवस्थी के पास है। स्टेडियम के बाहर इंतजार कर रहे खिलाड़ियों का कहना है कि वह भी नहीं दिखाई दीं।
खिलाड़ियों ने सवाल उठाया कि जब स्टेडियम में खेल अभ्यास का समय निर्धारित है तो इस तरह की लापरवाही क्यो हुई। इस मामले ने एक बार फिर खेल सुविधाओं के संचालन और जिम्मेदारों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में स्मार्ट मीटर के खिलाफ महिलाओं का प्रदर्शन, SDO कार्यालय पर हंगामा किया
