गाजियाबाद में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का रिकॉर्ड, प्रदेश में रहा अव्वल
गाजियाबाद ने नवंबर माह में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म 6 भरने में प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है, जहां 97,072 लोगों ने आवेदन किया।

गाजियाबाद में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का रिकॉर्ड ( फोटो स्रोत : जागरण)
HighLights
गाजियाबाद में 97,072 लोगों ने भरे मतदाता फॉर्म 6।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में जिला प्रदेश में प्रथम।
कमजोर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ पर होगी कार्रवाई।
अभिषेक सिंह, गाजियाबाद। नवंबर माह में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए अब तक 97,072 लोगों ने फार्म संख्या छह भरकर जमा किया है। नए मतदाता बनने के लिए प्रदेश में सबसे अधिक फॉर्म गाजियाबाद जिले में मिले हैं, इस वजह से जिला प्रदेश में पहले स्थान पर है।
ओवरआल जनसंख्या के आधार पर मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए भरवाए गए फॉर्म के आधार पर जिले का प्रदेश में 19वां स्थान है।
राज्य निर्वाचन आयोग ने दिया ये निर्देश
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 17 नवंबर को मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन किया गया है। मतदाता सूची के ड्राफ्ट पर 16 दिसंबर तक दावे व आपत्ति प्राप्त किए जाएंगे। इनका निस्तारण कर जनवरी माह में अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने बताया कि एक नवंबर से 25 नवंबर तक जिले में 97,072 लोगों ने फार्म संख्या छह भरकर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया है।
इस अवधि में नाम कटवाने के लिए 5,741 लोगों ने फार संख्या सात और मतदाता सूची में अपने नाम, पते आदि में संशोधन के लिए 16,062 लोगों ने फॉर्म संख्या आठ भरकर जमा किया है। उन्होंने बताया कि जिले की कुल जनसंख्या लगभग 52 लाख अनुमानित है।
मतदाताओं का नाम वोटर्स सूची में जोड़ने का लक्ष्य
इसके आधार पर लगभग जिले में लगभग 33 लाख लोगों को मतदाता बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन होने पर जिले की पांच विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की संख्या 23.24 लाख दर्ज है। लगभग दस लाख मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में और जोड़े जाने का लक्ष्य है।
इसके तहत आमजन को विभिन्न माध्यमों से जागरूक किया जा रहा है ,जिससे कि सभी पात्र मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। इसके लिए बीएलओ के माध्यम से घर - घर मतदाता सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है।
मतदाता सूची के ड्राफ्ट का प्रकाशन होने के बाद जिले में छूटे मतदाताओं को जोड़ने के लिए चलाए जा रहे अभियान की समीक्षा करने के लिए बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त मेरठ और रोल आब्जर्वर भानु चंद गोस्वामी ने कलक्ट्रेट में बैठक की।
इस दौरान उन्होंने कमजोर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को चिह्नित कर उनके कार्याें का सत्यापन करने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि 28 व 29 नवंबर को प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष अभियान के दौरान सभी बीएलओ की बूथों पर उपस्थिति अनिवार्य है, जिससे कि अधिक से अधिक मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जा सके।
उन्होंने कहा कि अब तक सबसे कम फार्म प्राप्त करने वाले 75 बीएलओ को चिह्नित कर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी , सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सुपरवाइजर उनके साथ क्षेत्र में भ्रमण कर मतदाता सूची का स्थलीय सत्यापन करें।
ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत सचिवों, लेखपालों और कोटेदारों के माध्यम से छूटे मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने का कार्य किया जाए, जिससे कि कोई भी पात्र व्यक्ति अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने से वंचित न रह जाए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।