गाजियाबाद: मोबाइल टावरों से सामान चुराने वाले बड़े गिरोह का पर्दाफाश, 4 अरेस्ट; क्रेटा समेत चोरी का माल बरामद
गाजियाबाद में क्राइम ब्रांच ने मोबाइल टावरों से आरआरयू और बीबीयू चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। चार सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से 24 आरआरयू, 6 बीबीयू यूनिट और एक चोरी की क्रेटा कार बरामद की गई है।
-1795938065842_m.webp)
क्राइम ब्रांच टीम द्वारा गिरफ्तार मोबाइल टावरो के आरआरयू व बीबीयू यूनिट चोरी करने के चार आरोपित सौ. पुलिस
HighLights
मोबाइल टावरों से उपकरण चुराने वाला अंतरराज्यीय गिरोह पकड़ा गया।
गिरोह के चार सदस्य गिरफ्तार, 30 यूनिट बरामद की गईं।
चोरी की क्रेटा कार भी पुलिस ने बरामद की है।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मोबाइल टावरों से आरआरयू (रेडियो रिसीवर यूनिट) और बीबीयू (बेस बैंड यूनिट) चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का क्राइम ब्रांच ने पर्दाफाश किया है।
क्राइम ब्रांच और मधुबन बापूधाम थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 24 आरआरयू और छह बीबीयू यूनिट बरामद हुई हैं।
पुलिस ने चोरी की एक क्रेटा कार भी बरामद की है, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस के मुताबिक गिरोह गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर और देश के अन्य राज्यों में वारदात करता था।
मधुबन बापूधाम क्षेत्र से गिरफ्तार किया
डीसीपी मुख्यालय बलवंत कुमार चौधरी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिल्ली के जाफराबाद निवासी शाहनूर, सहारनपुर के गंगोह निवासी गौरव, मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना निवासी सोनू और दिल्ली के मुस्तफाबाद निवासी फैसल के रूप में हुई है। इन्हें मधुबन बापूधाम क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है।
वहीं, पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का सरगना दिल्ली के मौजपुर निवासी फैसल है। वह चोरी किए गए उपकरणों की खरीद-फरोख्त करता था और वारदात के लिए वाहन भी उपलब्ध कराता था। बरामद क्रेटा कार भी उसी ने उपलब्ध कराई थी। आरोपी ने बताया कि वे दिन में ही मोबाइल टावरों की रेकी कर लेते थे।
इसके बाद दो सदस्य टावर पर चढ़कर वायर कटर से आरआरयू और बीबीयू यूनिट के तार काटते थे। उपकरण निकालने के दौरान गिरोह के अन्य सदस्य पास में वाहन लेकर खड़े रहते थे। किसी के आने की सूचना मिलने पर वे तत्काल साथियों को सतर्क कर देते थे। चोरी किए गए उपकरणों को एक स्थान पर एकत्र करने के बाद फैसल की मदद से बेच दिया जाता था।
चोरी का सामान डिब्बों में करते थे पैक
पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी का सामान ले जाने के लिए महंगी गाड़ियों के अलावा सार्वजनिक वाहनों का भी इस्तेमाल करते थे। सामान को डिब्बों में पैक कर रास्ते में उतार लेते थे, ताकि किसी को शक न हो। उपकरण बेचने से मिलने वाली रकम सभी सदस्य आपस में बराबर बांट लेते थे। गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के उपकरणों की खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों की तलाश की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।