विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद के घरों में 5 हजार रुपये में लगेगा सोलर प्लांट, 5 साल तक फ्री मेंटेनेंस और 25 साल की मिलेगी वारंटी

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:42 PM (GMT+05:30)

गाजियाबाद में घरेलू उपभोक्ताओं को पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मात्र पांच हजार रुपये में छत पर एक किलोवाट का सोलर प्लांट लगाने का मौका मिलेगा।

पीएम सूर्य घर योजना के तहत गाजियाबाद में 5000 रुपये में सोलर प्लांट लगेगा। फोटो-जागरण आर्काइव

पीएम सूर्य घर योजना के तहत गाजियाबाद में 5000 रुपये में सोलर प्लांट लगेगा। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. पांच हजार में एक किलोवाट सोलर प्लांट लगवाएं।

  2. गाजियाबाद में 1012 घरों को मिलेगा योजना का लाभ।

  3. पांच साल तक मुफ्त रखरखाव, बिजली बिल में बचत।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। बिजली बिल से परेशान घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अब महज पांच हजार रुपये के अधिकतम अंशदान पर घर की छत पर एक किलोवाट का सोलर प्लांट लगवाया जा सकेगा।

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) ने यूएलए (यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन) मॉडल से 15 हजार सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य तय किया है।

इसमें गाजियाबाद के 1012 घरों को शामिल किया गया है। दो किलोवाट का प्लांट लगवाने के लिए अधिकतम 10 हजार रुपये अंशदान देना होगा।

योजना का लाभ पाने के लिए क्या करना होगा?

योजना का लाभ एक और दो किलोवाट स्वीकृत बिजली भार वाले घरेलू उपभोक्ताओं को मिलेगा। इसके लिए उपभोक्ताओं को सहमति फार्म भरना होगा। इसमें नाम, बिजली कनेक्शन की खाता संख्या, मोबाइल नंबर, स्वीकृत बिजली भार, प्रस्तावित सोलर क्षमता और आवास का पता दर्ज करना होगा।

फार्म पर हस्ताक्षर कर सहमति देनी होगी। इसके बाद डिस्कॉम या सरकार की कार्यान्वयन एजेंसी की ओर से आवंटित वेंडर घर की छत पर सोलर प्लांट लगाएगा।

बिजली बिल में होगी हर महीने बचत

एक किलोवाट के सोलर प्लांट से प्रतिमाह करीब 100 यूनिट बिजली उत्पादन होने का अनुमान है। इससे टैरिफ और खपत के अनुसार करीब 300 रुपये या इससे अधिक की मासिक बचत हो सकती है। वहीं, दो किलोवाट के प्लांट से करीब 200 यूनिट बिजली उत्पादित होगी।

इससे हर महीने 1000 से 1200 रुपये तक बिजली बिल कम होने का अनुमान है। नेट मीटर के माध्यम से बिजली के आयात-निर्यात और अतिरिक्त उत्पादित यूनिट का मासिक समायोजन किया जाएगा।

सब्सिडी बिजली खाते में होगी समायोजित

सहमति फार्म की शर्तों के अनुसार केंद्र और राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी उपभोक्ता की बिजली खाता संख्या के विरुद्ध समायोजित की जाएगी।

सब्सिडी के अतिरिक्त प्लांट की स्थापना या उससे संबंधित कोई अन्य खर्च होने पर उसे उपभोक्ता को स्वयं वहन करना होगा। उपभोक्ता को प्लांट लगाने, निरीक्षण और रखरखाव के लिए संबंधित एजेंसी को परिसर में प्रवेश की अनुमति भी देनी होगी।

पांच साल तक मुफ्त रखरखाव

योजना के तहत सोलर प्लांट की पांच साल तक वेंडर की ओर से नि:शुल्क देखरेख की जाएगी। इन्वर्टर पर न्यूनतम आठ साल और सोलर पैनल पर 25 साल की प्रदर्शन वारंटी मिलेगी। पैनल की उत्पाद वारंटी न्यूनतम 10 साल निर्धारित है।

तीन जोन में बंटा गाजियाबाद

मुख्य अभियंता नरेश कुमार भारती ने बताया कि जोन-1 में 346, जोन-2 में 287 और जोन-3 में 379 सोलर प्लांट लगाने का लक्ष्य है। डिवीजनवार सबसे अधिक 264 कनेक्शन मोदीनगर में लगाए जाएंगे।

जिले के विभिन्न डिवीजनों में भी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं। योजना की जानकारी के लिए उपभोक्ता बिजली हेल्पलाइन 1912, नजदीकी बिजलीघर या संबंधित अवर अभियंता से संपर्क कर सकते हैं।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद की 8 प्रमुख सड़कों पर दौड़ेगी ई-ट्राम, मेट्रो से जुड़ेगा 24 किमी लंबा नेटवर्क; जानें पूरा रूट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।