विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Exclusive: गाजियाबाद के अस्पतालों में जन्मे 32 हजार से ज्यादा बच्चों को नहीं लगा हेपेटाइटिस का टीका

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:34 PM (IST)

गाजियाबाद में अप्रैल से सितंबर के बीच 32,734 शिशुओं को हेपेटाइटिस का टीका नहीं लगा, जिससे उनकी सेहत से खिलवाड़ हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग की इस लापरवाही पर शासन ने समीक्षा के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य केंद्र पर बच्चे को पोलियो ड्राप पिलाती स्वास्थ्यकर्मी। जागरण आर्काइव

स्वास्थ्य केंद्र पर बच्चे को पोलियो ड्राप पिलाती स्वास्थ्यकर्मी। जागरण आर्काइव

HighLights

  1. गाजियाबाद में 32,734 शिशुओं को हेपेटाइटिस टीका नहीं लगा।

  2. जिले की टीकाकरण दर मेरठ मंडल में सबसे कम 27.39%।

  3. शासन ने लापरवाही की समीक्षा और सुधार के निर्देश दिए।

मदन पांचाल, गाजियाबाद। केंद्र एवं प्रदेश सरकार शिशुओं की देखभाल और शिशु मृत्यु दर कम करने को प्रयासरत है लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इन प्रयासों को कमजोर करने में लगे हुए हैं।

शासन स्तर से जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार, गाजियाबाद में नौनिहालों की सेहत के संग खिलवाड़ हो रहा है। अप्रैल से सितंबर के बीच सरकारी एवं प्राइवेट अस्पतालों में पैदा होने वाले 32734 बच्चों को हेपेटाइटिस का टीका नहीं लगाया गया है।

यह लापरवाही किस स्तर पर हुई है इसकी समीक्षा के निर्देश जारी किए गए हैं। हेपेटाइटिस का टीका लगाने में मेरठ मंडल में जिले के स्वास्थ्य विभाग की स्थिति बेहद खराब है। पिछले छह महीने में प्रदेश में 39.44 तो जिले में 27.39 प्रतिशत बच्चों को हेपेटाइटिस का टीका लगाया गया है।

सख्त निर्देश जारी किए

यह स्थिति अस्पताल में पैदा होने वाले बच्चों के टीकाकरण की है। डोर टू डोर टीकाकरण की हकीकत इससे भी खराब हो सकती है। एनएचएम निदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने सभी जिलों को पत्र जारी करके हेपेटाइटिस टीकाकरण की कवरेज शत प्रतिशत करने के सख्त निर्देश जारी किए हैं।

हेपेटाइटिस वैक्सीन के बारे में जाने

हेपेटाइटिस वैक्सीन मुख्य रूप से हेपेटाइटिस ए और हेपेटाइटिस बी वायरस से होने वाले लिवर संक्रमण से बचाव करती है। इसकी पहली डोज पैदा होने के तुरंत बाद देना जरूरी है। शिशुओं को संयोजन वाली वैक्सीन की तीन खुराकें दी जाती हैं। पहली जन्म के तुरंत बाद, दूसरी दो महीने की उम्र में और तीसरी 6 से 18 महीने की उम्र में दी जाती है।

एंटीजन कवरेज

मेरठ मंडल में सितंबर तक पैदा हुए बच्चों को लगाये गये हेपेटाइटिस टीकों का विवरण
जनपद एचआइएमएस प्रगति यूविन प्रतिशत
गाजियाबाद 45935 13201 27.39
गौतमबुद्ध नगर 28132 10980 37.66
बुलंदशहर 31649 4954 45.10
हापुड़ 14451 13201 33.65
मेरठ 16634 11051 57.44
बागपत 12561 6080 43.73

हेपेटाइटिस टीकाकरण में रह गईं कमियों को दूर करने के लिये संबंधित जिलों के सीएमओ और जिला प्रतिरक्षण अधिकारियों को दिशा निर्देश जारी किये गये हैं। जल्द सुधार की संभावना है। पोर्टल पर की गई रिपोर्टिंग गैप का भी सत्यापन कराया जा रहा है। - डॉ. मनोज कुमार सेन, अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मेरठ मंडल

यह भी पढ़ें- Exclusive: यूपी में छह माह में पैदा हुए 19.44 लाख बच्चे, 8.67 लाख का नहीं हुआ 100 प्रतिशत वैक्सीनेशन


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।