भीषण गर्मी से कौशांबी रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या में भारी गिरावट, बस अड्डे पर पहुंच रहे महज 30-35 हजार यात्री
भीषण गर्मी के चलते कौशांबी बस अड्डे पर यात्रियों की संख्या में 30% की कमी आई है, जिससे रोडवेज का राजस्व लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा है।

अब महज 30 से 35 हजार यात्री तक ही पहुंच रही यात्रियों की संख्या। जागरण
HighLights
कौशांबी बस अड्डे पर यात्रियों की संख्या में भारी कमी।
भीषण गर्मी के चलते 30 प्रतिशत तक यात्री घटे।
राजस्व लक्ष्य प्रभावित, 50% लोड फैक्टर पूरा करना चुनौती।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। भीषण गर्मी पड़ने के कारण रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या घट गई है। कौशांबी बस अड्डे पर शनिवार को भी दिनभर सन्नाटा छाया रहा।
यहां की बसों से सामान्य दिनों के सापेक्ष 30 प्रतिशत तक की गिरावट आई है। इससे मुख्यालय से मिला राजस्व का लक्ष्य पूरा नहीं हो रहा है।
दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे से सटा होने के कारण कौशांबी डिपो पर प्रदेशभर के ज्यादातर शहरों के लोग यहां की बसों में सफर करते हैं। डिपो पर रोजाना करीब 900 से 1000 बसों का डिपार्चर होता है।
इन बसों से औसतन करीब 40 से 50 हजार यात्री सफर करते हैं, लेकिन गर्मी के कारण स्थिति खराब बनी हुई है। यहां से वर्तमान में रोजाना करीब 30 से 35 हजार यात्री ही सफर करते हैं।
भीषण गर्मी से लोगों को पसीने छूट रहे हैं। अधिकारियों को गर्मी कम होने पर ही रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
50 प्रतिशत लोड फैक्टर पूरा करना चुनौती
एक तरफ यात्री न निकलने से अधिकारी परेशान हैं। वहीं, चालक-परिचालक के सामने 50 प्रतिशत लोड फैक्टर पूरा करना चुनौती बन गया है। बसों की आधी सीट भर जाने पर ही संचालन की अनुमति है। ऐसा नहीं करने पर बस को निरस्त करने का आदेश है। अगर चोरी चुपके बस को संचालन कर भी दिया तो परिचालक पर जुर्माना भी लगाया जाता है। इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को रोजाना भेजी जाती है।
भीषण गर्मी पड़ने के कारण यात्रियों की संख्या में गिरावट आई है। परिचालकों को सभी स्टैंड पर बस रोकने के कड़े निर्देश हैं। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
-केसरी नंदन चौधरी, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीएसआरटीसी
यह भी पढ़ें- कौशांबी डिपो से नहीं, आनंद विहार से चलेंगी निगम की बसें; यात्रियों को चुकाना होगा ज्यादा किराया
