गाजियाबाद के व्हीकल फ्री जोन की बदलेगी सूरत, अब प्राइवेट एजेंसी को मिलेगी जिम्मेदारी; जीडीए का फैसला
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (RDC) के बदहाल व्हीकल फ्री जोन के संचालन, रखरखाव और प्रबंधन के लिए निजी एजेंसी की तलाश कर रहा है।

राजनगर आरडीसी स्थित व्हीकल फ्री जोन। जागरण आर्काइव
शाहनवाज अली, गाजियाबाद। हार्ट ऑफ गाजियाबाद यानी राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर (आरडीसी) में पांच करोड़ रुपये खर्च कर जीडीए ने व्हीकल फ्री जोन का पायलट प्रोजेक्ट लांच किया था, जो पिछले पांच वर्षों से बदहाल है।
दैनिक जागरण ने इसकी बदहाली को समय-समय पर उजागर करते हुए प्राधिकरण को इसकी याद दिलाई थी। इस पर प्राधिकरण ने व्यवस्थित रूप से इसे व्हीकल फ्री जोन के रूप में संचालित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।
अब इस जोन के संचालन, रखरखाव और प्रबंधन की जिम्मेदारी निजी एजेंसी संभालेगी। एजेंसी के चयन के लिए जीडीए ने टेंडर जारी किया है।
पांच करोड़ की लागत से बना था जोन
जीडीए ने आरडीसी में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से 400 मीटर यानी छह हजार वर्ग मीटर का व्हीकल फ्री जोन बनाया था, जिसका उद्घाटन तत्कालीन केंद्रीय राज्यमंत्री एवं स्थानीय सांसद डाॅ. वीके सिंह ने अक्टूबर 2020 में किया था। यहां खान-पान के लिए कियोस्क तैयार किए गए थे।
वहीं, परिवार और दोस्तों के साथ घूमने के लिए आने वाले लोगों के लिए बैठने और टहलने की व्यवस्था की गई थी। जोन को सुंदर बनाने के लिए फाउंटेन, लाइटिंग और हरियाली का खास ख्याल रखा गया था, लेकिन यह कारगर साबित नहीं हो सका।
शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा
पिछले करीब पांच वर्षों से बदहाल है और यहां शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगता है। व्हीकल फ्री जोन में अवैध रूप से खोखे व ठेले लगवाने के नाम पर अवैध वसूली जारी है।
बेंच टूटी हैं, फाउंटेन व लाइट खराब हैं। इसकी बदहाली को दैनिक जागरण ने कई बार उजागर किया, जिस पर प्राधिकरण अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए इसके संचालन की जिम्मेदारी निजी एजेंसी को सौंपने की तैयारी की है।
इसके लिए जारी टेंडर के लिए इच्छुक एजेंसियां 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगी, जो एक दिसंबर को खोले जाएंगे। चयनित एजेंसी के लिए कार्य की अवधि 5400 दिन निर्धारित की गई है।
परिवार के साथ आने वालों को मिलेगी बेहतर सुविधा
व्हीकल फ्री जोन के संचालन के लिए निजी एजेंसी के लिए टेंडर जारी किया गया है। एजेंसी के चयन के बाद आरडीसी में वाहनमुक्त जोन के संचालन और प्रबंधन की व्यवस्था को आगे बढ़ाया जाएगा। आरडीसी में परिवार के साथ आने वाले लोगों के लिए यह बेहतर स्पॉट के रूप में विकसित हो सकेगा।
- नंद किशोर कलाल, उपाध्यक्ष जीडीए
यह भी पढ़ें- फ्लैट खरीदारों को करोड़ों का चूना लगाकर 3 महीने से छिपा था 50 हजार का इनामी, अब चढ़ा गाजियाबाद पुलिस के हत्थे