GDA के 16 फैसलों से बदलेगा गाजियाबाद, एलिवेटेड रोड-हरनंदीपुरम-एयरोसिटी को मिली मंजूरी
गाजियाबाद में जीडीए की 173वीं बोर्ड बैठक में जीटी रोड पर दो किमी लंबी एलिवेटेड रोड बनाने और हरनंदीपुरम आवासीय योजना का पहला चरण जल्द लॉन्च करने को मंजूरी मिली।

जीडीए सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक करते अध्यक्ष एवं मेरठ मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी। सौ- जीडीए
HighLights
जीटी रोड पर दो किमी लंबी एलिवेटेड रोड बनेगी।
हरनंदीपुरम आवासीय योजना का पहला चरण जल्द होगा लॉन्च।
राजनगर एक्सटेंशन में क्रिकेट स्टेडियम निर्माण को भी मंजूरी।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। शहर में जीटी राेड पर रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए जीडीए द्वारा दो किमी. लंबी एलिवेटेड रोड बनवाई जाएगी।
लोगों को आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जीडीए द्वारा हरनंदीपुरम योजना के पहले फेस को जल्द ही लांच किया जाएगा, इस योजना के लेआउट और कृषि भूमि को आवासीय भूमि में बदलने सहित कुल 16 प्रस्ताव को शुक्रवार को जीडीए के सभाकक्ष में हुई जीडीए की 173वीं बोर्ड बैठक में मंजूरी मिली।
मेरठ मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में शहर के विकास से जुड़े इन प्रस्तावों के स्वीकृत होने से जिले में विकास कार्यों की गति में अब तेजी आएगी। राजनगर एक्सटेंशन में क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य जीडीए द्वारा कराया जाएगा, इसके लिए भी प्रस्ताव स्वीकृत कर दिया गया है।
हरनंदीपुरम, एलिवेटेड रोड और एयरोसिटी को मिली मंजूरी
हरनंदीपुरम परियोजना के पहले चरण में भोवापुर और शाहपुर निज मोरटा की अधिग्रहीत 47.1612 हेक्टेयर जमीन में से 24.1213 हेक्टेयर जमीन का भू उपयोग बदलकर कृषि से आवासीय करने का प्रस्ताव पास हो गया। उम्मीद है कि अगले दो से तीन माह के भीतर जीडीए इसका पहला चरण लांच कर देगा।
हरनंदीपुरम योजना में चौड़ी सड़कें, आधुनिक सीवरेज एवं ड्रेनेज नेटवर्क, हरित क्षेत्र, पार्क, सामुदायिक सुविधाएं, गोल्फ कोर्स, फुड कोर्ड, शिक्षा एवं स्वास्थ्य अवसंरचना तथा स्मार्ट अर्बन सुविधाओं का विकास प्रस्तावित है।
जीडीए बोर्ड बैठक में निजी विकासकर्ताओं मै. सागम कंसट्रक्शन लिमिटेड, मै. यूटिलिटी एस्टेट प्राइवेट लिमिटेड को टाउनशिप का कार्य पूरा करने के लिए तीन साल की छूट दी गई है। सुशांत एक्वापोलिस टाउनशिप में विकसित व विकासशील ग्रुप हाउसिंग भूखंड भी तैयार कराए जाएंगे।
मैसर्स यूएच रियलकाम प्राइवेट लिमिटेड की 78.77 एकड़ जमीन पर डीपीआर स्वीकृत कर दी गई है। जीटी रोड पर जाम से छुटकारा दिलाने के लिए घंटाघर से भाटिया मोड़ के बीच 200 करोड़ रुपये से अधिक लागत से चार लेन की दो किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड बनेगी, परियोजना के लिए जीडीए द्वारा 100 करोड़ रुपये की धनराशि का ऋण लिया जाएगा।
बोर्ड बैठक में एलिवेटेड रोड के लिए प्रशासनिक और वित्तीय सहमति के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। अब ऋण लेने की प्रक्रिया शुरू होगी। बोर्ड बैठक ने एयरोसिटी टाउनशिप को लेकर जमीन लेने के प्रशासनिक स्वीकृति के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
राजनगर एक्सटेंशन के अटौर, मोरटी और मेवला अगली गांव की जमीन पर एयरोसिटी बसाई जाएगी। इन गांवों की 219.6131 हेक्टेयर जमीन पर टाउनशिप बसेगी, प्राधिकरण को यहां 193.1256 हेक्टेयर जमीन किसानों से लेनी है।
हिंडन तटबंध और भू-उपयोग परिवर्तन को हरी झंडी
हिंडन नदी के दाहिने तट पर राजनगर एक्सटेंशन रोड से पाइपलाइन मार्ग तक बंधा निर्माण परियोजना के लिए फंड जुटाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति मिल गई है। राजनगर एक्सटेंशन में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, हरनंदीपुरम आवासीय योजना और एयरोसिटी टाउनशिप विकसित होगी। इन योजनाओं को बाढ़ से बचाने के लिए हिंडन नदी के दाहिनी तट पर बंधा निर्माण किया जाएगा।
इसके अलावा पुलिस सिटी सहकारी आवास समिति लिमिटेड से शाहपुर बम्हैटा में 16.933 हेक्टेयर भूमि का भू-उपयोग परिवर्तन शुल्क जमा करने के प्रस्ताव और हापुड़ की धौलाना तहसील के ग्राम हसनपुर के कुल 13.1568 हेक्टेयर भूमि को कृषि भू-उपयोग से बदलकर औद्योगिक करने के प्रस्ताव को भी बोर्ड बैठक में स्वीकृति दे दी गई है।
