विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में 'कॉकरोचों' ने कैंसिल करा दिया 2 दुकानों का लाइसेंस, 21 को नोटिस; दीवाली से पहले बड़ा एक्शन

Published: Sat, 31 Oct 2026 07:02 PM (IST)

दीपावली पर गाजियाबाद में 25 खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी हुई, जिसमें 21 को नोटिस और 2 के लाइसेंस निलंबित किए ...और पढ़ें

गाजियाबाद में कॉकरोचों की वजह से दो दुकानों पर हुई बड़ी कार्रवाई। फोटो: सांकेतिक

गाजियाबाद में कॉकरोचों की वजह से दो दुकानों पर हुई बड़ी कार्रवाई। फोटो: सांकेतिक

HighLights

  1. गाजियाबाद में 25 खाद्य प्रतिष्ठानों पर दीपावली से पहले छापा।

  2. गंदगी और कॉकरोच मिलने पर दो प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित।

  3. 21 प्रतिष्ठानों को कमियां सुधारने के लिए नोटिस जारी किए गए।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दीपावली के अवसर पर यदि आप मिठाई की दुकान से खरीदारी करने के लिए जा रहे हैं तो सतर्क रहने की आवश्यकता है।

शासन के निर्देश पर शुक्रवार को जिले में 25 खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापामारी की गई तो महज दो ही प्रतिष्ठानों में व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप मिलीं।

21 को कमियों में सुधार के लिए नोटिस जारी किए गए हैं, 15 दिन में सुधार न होने पर लाइसेंस निलंबित किया जा रहा है। सफाई व्यवस्था बेहतर न मिलने व कॉकरोच मिलने पर दो खाद्य प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

25 प्रतिष्ठानों पर छापे, 21 को नोटिस

शासन स्तर से शुक्रवार को दूसरे जिले से खाद्य सुरक्षा विभाग की 18 टीमों को जिले में भेजा गया। इन टीमों ने मुख्य रूप से मिठाई की दुकानों पर छापामारी की।

इसकी वजह भी स्पष्ट है कि दीपावली के अवसर पर मिठाइयों की बिक्री अधिक होती है, मिठाइयों को तैयार करने में खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की मिलावट की आशंका बनी रहती है। टीमों द्वारा 49 नमूने लिए गए हैं, जिनको जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है।

जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एडीएम सिटी विकास कश्यप ने बताया कि त्योहार के अवसर पर अक्सर मिलावटखोर सक्रिय हो जाते हैं, जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थ की बिक्री न होने पाए और बाहर से जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थ की आवक न हो।

इसके लिए जिला स्तर पर चार टीमें गठित की गई हैं।

गंदगी और कॉकरोच मिलने पर लाइसेंस निलंबित

खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त सुरेश मिश्रा ने बताया कि साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मेसर्स अग्रवाल स्वीट्स में जांच के दौरान दीवारों में नमी, काले धब्बे, गंदगी व सीमेंट की परत उखड़ी मिली।

सफाई न होने के कारण प्रतिष्ठान के अंदर कॉकरोच भी मिले। पानी की निकासी की कमी मिली और तैयार उत्पाद पर उसके इस्तेमाल करने की तिथि अंकित नहीं की गई थी। नालियों में खाद्य पदार्थों के अपशिष्ट पाए गए।

नहीं मिली कोल्ड चेन की व्यवस्था

खोवा, पनीर रखने के लिए कोल्ड चेन की व्यवस्था नहीं मिली। बासी मिठाइयों को निर्माण परिसर में ही रखा गया था। इन कमियों की वजह से खाद्य प्रतिष्ठान का लाइसेंस निलंबित किया गया है।

इसके अलावा बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया स्थित दूसरे प्रतिष्ठान तिरुपति फूड्स का लाइसेंस भी निलंबित किया गया है। यहां पर जांच के दौरान चिमनी, एग्जास्ट फैन और बर्तन गंदे पाए गए हैं, डीप फ्रीजर में टेंपरेचर रिकॉर्ड नहीं किया जा रहा है।

कच्चा माल सीधे जमीन पर रखा गया है। स्टाक रजिस्टर नहीं रखा गया था। फर्श पर गंदगी व खाद्य पदार्थों के अपशिष्ट मिले। पानी की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई है। सहायक आयुक्त ने बताया कि खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच आगे भी जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में दारोगा लाइन हाजिर, बिना पहचान कराए शव का अंतिम संस्कार करने पर बड़ी कार्रवाई

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।