विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में दारोगा लाइन हाजिर, बिना पहचान कराए शव का अंतिम संस्कार करने पर बड़ी कार्रवाई

By Vinit Edited By: Kapil Kumar
Published: Sat, 31 Oct 2026 02:49 PM (IST)

गाजियाबाद में मानसिक रूप से बीमार पुरुषोत्तम यादव के शव की पहचान किए बिना अंतिम संस्कार कराने के मामले में ...और पढ़ें

गाजियाबाद में दारोगा लाइन हाजिर। सांकेतिक तस्वीर

गाजियाबाद में दारोगा लाइन हाजिर। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. दारोगा जीवेश कुमार देव को लाइन हाजिर किया गया।

  2. अज्ञात शव की पहचान में लापरवाही का आरोप।

  3. पीड़ित परिवार की शिकायत पर हुई कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मानसिक रूप से बीमार पुरुषोत्तम यादव की मौत के बाद पहचान किए बिना अंतिम संस्कार कराने के मामले में विजयनगर थाने के दारोगा की लापरवाही सामने आई है।

शुरुआती जांच में लापरवाही पाए जाने पर दारोगा जीवेश कुमार देव को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मामले की जांच में सामने आया कि वेव सिटी पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने और जांच में अपनी ओर से नियमों का पालन किया, जबकि विजयनगर थाने में तैनात दारोगा ने अज्ञात घायल और बाद में मृत हुए व्यक्ति की पहचान कराने के लिए जरूरी कदम नहीं उठाए।

6 अक्टूबर को हुई मौत

लालकुआं निवासी पुरुषोत्तम यादव 29 सितंबर को घर से लापता हो गए थे। उनकी बेटी शालिनी यादव ने वेव सिटी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दी थी। 2 अक्टूबर को विजयनगर थाना क्षेत्र में डीपीएस चौराहे के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से पुरुषोत्तम घायल हो गए थे। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 6 अक्टूबर को उनकी मौत हो गई।

पुलिसकर्मियों पर लापरवाही का आरोप

पुलिस ने पहचान नहीं होने पर अज्ञात के रूप में उनका अंतिम संस्कार करा दिया था। परिवार को 14 अक्टूबर को पिता की मौत और अंतिम संस्कार की जानकारी मिली थी। इसके बाद बेटी ने अपर पुलिस आयुक्त से शिकायत कर पुलिसकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया था।

वहीं, शुरुआती जांच में वेव सिटी पुलिस की ओर से प्रक्रिया का पालन किए जाने की बात सामने आई, जबकि विजयनगर थाने के दारोगा की लापरवाही उजागर हुई।

डीसीपी सिटी धवल जायसवाल का कहना है कि अज्ञात शवों की पहचान और गुमशुदगी के मामलों की जांच गंभीरता से करने के लिए सभी पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। मामले में लापरवाही मिलने पर दारोगा को लाइन हाजिर किया गया है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में हुई टक्कर का बदला लेने गाजियाबाद पहुंचे हमलावर, कार में तोड़फोड़ और परिवार को जान से मारने की धमकी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।