विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में EV मालिकों को बड़ी राहत, अब घरेलू कनेक्शन से ही चार्ज करें गाड़ियां; अलग मीटर का झंझट खत्म

Published: Tue, 11 Aug 2026 09:51 PM (IST)

गाजियाबाद में इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज करने के लिए अलग बिजली कनेक्शन की आवश्यकता नहीं होगी, उपभोक्ता अपने मौजूदा घरेलू कनेक्शन का उपयोग कर सकते हैं।

अब घरेलू कनेक्शन से ही चार्ज करिए ईवी। फोटो: आर्काइव

अब घरेलू कनेक्शन से ही चार्ज करिए ईवी। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग के लिए अलग कनेक्शन की जरूरत नहीं

  2. मौजूदा घरेलू बिजली कनेक्शन से ही वाहन चार्ज करें

  3. स्वीकृत लोड पर्याप्त न हो तो ऑनलाइन बढ़वाएं लोड

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। जिले में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। परिवहन विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिले में 70,576 इलेक्ट्रिक वाहन संचालित हो रहे हैं। इनमें सबसे अधिक 39,415 ई-रिक्शा हैं।

बढ़ते ईवी वाहनों के बीच वाहन मालिकों के लिए राहत की खबर है। घर पर अपने इलेक्ट्रिक वाहन को चार्ज करने के लिए अलग बिजली कनेक्शन लेने की जरूरत नहीं होगी। उपभोक्ता अपने मौजूदा बिजली कनेक्शन से ही ईवी चार्ज कर सकते हैं। विद्युत निगम के

अधिकारियों के अनुसार घरेलू कनेक्शन से ईवी चार्ज करने के लिए उपभोक्ता को पहले अपने स्वीकृत लोड की जांच करनी होगी। घर में पहले से चल रहे बिजली उपकरणों के साथ ईवी चार्ज करने के लिए यदि स्वीकृत लोड पर्याप्त नहीं है तो उपभोक्ता को लोड बढ़वाना होगा।

स्वीकृत लोड से अधिक बिजली का इस्तेमाल करने पर नियमानुसार कार्रवाई हो सकती है। विद्युत निगम के अधिकारियों का कहना है कि ईवी की संख्या बढ़ने के साथ घरों में चार्जिंग की जरूरत भी बढ़ेगी।

ऐसे में उपभोक्ताओं को अलग कनेक्शन के लिए आवेदन करने के बजाय अपने मौजूदा कनेक्शन का स्वीकृत लोड और बिजली की खपत का आकलन कर लेना चाहिए।

अपने वाहन की ही चार्जिंग की अनुमति

अधिशासी अभियंता विवेक सिंह ने बताया कि उपभोक्ता अपने मौजूदा बिजली कनेक्शन से अपने ईवी वाहन को चार्ज कर सकता है। इसके लिए अलग कनेक्शन लेने की आवश्यकता नहीं है।

हालांकि, इस सुविधा का इस्तेमाल व्यावसायिक गतिविधि के लिए नहीं किया जा सकता। यानी उपभोक्ता अपने कनेक्शन से अपने ईवी वाहन को चार्ज कर सकता है, लेकिन पड़ोसी या अन्य लोगों के वाहन चार्ज कर उनसे शुल्क नहीं ले सकता है।

घरेलू दर से ही होगा बिल का भुगतान

ईवी चार्ज करने पर उपभोक्ता से अलग ईवी टैरिफ नहीं लिया जाएगा। बिजली की खपत उसके घरेलू कनेक्शन की कुल खपत में जुड़ जाएगी और लागू घरेलू दर के अनुसार बिल बनेगा।

0 से 100 यूनिट तक 5.50 रुपये प्रति यूनिट, 101 से 150 यूनिट तक 5.50 रुपये, 151 से 300 यूनिट तक छह रुपये और 300 यूनिट से अधिक खपत पर 6.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से भुगतान करना होगा। ईवी चार्जिंग के लिए अलग से कोई फिक्स्ड चार्ज भी नहीं देना होगा।

उपभोक्ता ऐसे बढ़ा सकते है लोड

बिजली कनेक्शन का लोड बढ़ाने के लिए आप घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आपको यूपीपीसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा, सेवा अनुरोध या कंज्यूमर कार्नर में जाकर लोड बढ़ाएं विकल्प का चयन करना होगा, और फिर विवरण भरकर निर्धारित शुल्क का आनलाइन भुगतान करना होगा।

जिले में वाहनों की स्थिति

वाहन श्रेणी संख्या
ई-रिक्शा 39,415
ई-कार्ट 1,525
इलेक्ट्रिक दोपहिया 17,856
इलेक्ट्रिक तीनपहिया 7,143
इलेक्ट्रिक चारपहिया 4,578
इलेक्ट्रिक बस 59
कुल

70,576

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में 16 दिन से हवा संतोषजनक, पर गोविंदपुरम और इंदिरापुरम में बंद रहे प्रदूषण मापक यंत्र

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में हापुड़ चुंगी एलिवेटेड फ्लाईओवर का थ्री-डी डिजाइन जारी, अगले माह शुरू हो सकता है निर्माण