कागजों में प्रदूषण की सख्त पाबंदियां, सड़कों पर उड़ती धूल खोल रही दावों की पोल; गाजियाबाद के इलाकों का बुरा हाल
न्यायालय के आदेशों और ग्रेप के बावजूद गाजियाबाद की सड़कों पर धूल का गुबार है, जिससे प्रदूषण नियंत्रण के दावे बेअसर साबित हो रहे हैं।
-1795406892569_m.webp)
राजनगर एक्सटेंशन में निर्माण कार्य के कारणउड़ती धुल। जागरण
HighLights
न्यायालय आदेशों के बावजूद गाजियाबाद की सड़कों पर धूल का गुबार।
निर्माण कार्यों पर रोक के बावजूद प्रदूषण नियंत्रण बेअसर।
सिद्धार्थ विहार, राजनगर एक्सटेंशन में धूल से लोग परेशान।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए न्यायालय के आदेश जारी हुए, जिसके चलते संबंधित विभागों की ओर से निर्माण कार्यों पर रोक, पानी का छिड़काव और सड़कों की नियमित सफाई के निर्देश दिए गए। लेकिन शहर की सड़कों पर हालात इसके उलट हैं।
शहर के अधिकांश हिस्सों में में उड़ती धूल प्रदूषण नियंत्रण के दावों की पोल खोल रही है। तमाम प्रयासों के बावजूद इन इलाकों में धूल का गुबार कम नहीं हो रहा है।
सिद्धार्थ विहार में सड़कों के किनारे जमा मिट्टी और निर्माण सामग्री वाहनों की आवाजाही के साथ हवा में उड़ रही है। राजनगर एक्सटेंशन में भी निर्माण गतिविधियों और सड़कों पर फैली धूल से लोगों को परेशानी हो रही है।
वहीं, लोहा मंडी में औद्योगिक गतिविधियों और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच धूल का स्तर बढ़ रहा है। कई स्थानों पर सड़क किनारे जमा मिट्टी और खुले में पड़ी निर्माण सामग्री धूल फैलने की वजह बन रही है।

सख्त पाबंदियां लागू
प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रेप के तहत सख्त पाबंदियां लागू हैं। निर्माण स्थलों को ढकने, नियमित पानी का छिड़काव करने, सड़कों की सफाई और धूल उड़ाने वाले वाहनों पर नियंत्रण के निर्देश हैं।
इसके बावजूद कई स्थानों पर इनका प्रभाव दिखाई नहीं दे रहा है। निर्माण कार्यों पर रोक के आदेश के बीच भी धूल उड़ने की समस्या बनी हुई है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निगरानी और जवाबदेही जरूरी
शहर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए नगर निगम, जीडीए और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की जिम्मेदारी है। इसके लिए संवेदनशील इलाकों में नियमित निरीक्षण, धूल के स्रोतों की पहचान और जिम्मेदारों पर कार्रवाई जरूरी है। आदेश के बाद निगरानी के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन सड़कों पर धूल का गुबार जस का तस बना हुआ है।
वायु प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए नियमित निगरानी के साथ ही प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई भी जारी है। टीम क्षेत्रवार भ्रमण कर प्रदूषण को कम करने के उपाय बताकर लोगों को जागरूक भी कर रही हैं। - अंकित सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी यूपीपीसीबी गाजियाबाद
यह भी पढ़ें- हरियाणा में ठंड और प्रदूषण की दोहरी मार, रात में लुढ़का पारा तो दिन में जहरीली हुई हवा; महेंद्रगढ़ सबसे ठंडा