विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में दीवाली की रात कई इलाकों में आग का तांडव, 12 बजे तक मिलीं 50 फायर कॉल

Published: Mon, 09 Nov 2026 10:44 AM (IST)

दीपावली पर गाजियाबाद में आग लगने की 50 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें क्रासिंग रिपब्लिक के एक फ्लैट, जीटी रोड ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दीपावली पर आतिशबाजी के बीच जिले में आग लगने की घटनाओं ने दमकल विभाग की मुश्किलें बढ़ा दीं। रविवार को हर दो-चार मिनट के अंतराल पर आग लगने की सूचनाएं मिलती रहीं। रात 12 बजे तक जिले में आग लगने की कुल 50 सूचनाएं प्राप्त हुईं।

दमकल विभाग की सभी इकाइयां लगातार आग बुझाने में जुटी रहीं। इस दौरान फैक्ट्री, आवासीय सोसायटी के फ्लैट और दुकान में आग लगने की बड़ी घटनाएं सामने आईं। दमकलकर्मियों की तत्परता से इन घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई।

क्रॉसिंग रिपब्लिक की जीएच-7 सोसायटी का मामला

क्रॉसिंग रिपब्लिक की जीएच-7 सोसायटी के टावर नंबर सात की दसवीं मंजिल पर रविवार रात करीब आठ बजे आग लग गई। फ्लैट स्वामी साकेत जैन परिवार के साथ अलवर गए हुए थे। सोसायटी के लोगों ने बालकनी से आग की लपटें उठती देख दमकल विभाग को सूचना दी।

क्रॉसिंग रिपब्लिक और कोतवाली अग्निशमन केंद्र से गाड़ियां पहुंचीं। आग की तीव्रता और धुएं को देखते हुए वैशाली से हाइड्रोलिक प्लेटफार्म भी बुलाया गया। फ्लैट में धुआं भरा होने के कारण दमकलकर्मियों ने बीए सेट पहनकर अंदर प्रवेश किया। करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई।

कब लगी थी आग?

घरेलू सामान जल गया, लेकिन आग अन्य फ्लैटों तक नहीं पहुंची। इस दौरान दमकलकर्मियों ने एक्वेरियम में मौजूद मछली को भी सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं, साउथ साइड जीटी रोड स्थित नोवा फार्म वर्क्स प्राइवेट लिमिटेड में शाम करीब पांच बजे आग लग गई।

फैक्ट्री में प्लास्टिक की सेटरिंग का सामान बड़ी मात्रा में रखा था, जिससे आग तेजी से फैलने लगी। मौके पर कोतवाली अग्निशमन केंद्र से पांच दमकल गाड़ियां और वैशाली से दो वाटर बाउजर भेजे गए। आग की विकरालता को देखते हुए अन्य अग्निशमन केंद्रों और दूसरे जिलों से भी गाड़ियां मांगी गईं।

दमकल टीम ने चार हौज लाइन फैलाकर फोम की मदद से आग बुझाई। इस घटना में भी कोई जनहानि नहीं हुई। इसके अलावा वेव सिटी थाना क्षेत्र के डासना में रेडीमेड कपड़ों की दुकान में शार्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान में रखा हजारों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। स्थानीय लोगों ने प्रयास कर आग पर काबू पाया। सीएफओ सौरभ कुमार सिंह के अनुसार रात 12 बजे तक मिलीं सभी 50 सूचनाओं पर फायर सर्विस की टीमें लगातार कार्रवाई करती रहीं।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद की फोम फैक्ट्री में लगी भीषण आग, एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने पाया काबू

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद पुलिस चौकी ब्लास्ट: पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी नेटवर्क पर शक, हर एंगल से जांच जारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।