गाजियाबाद में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, 12 हजार खाते फ्रीज
गाजियाबाद पुलिस ने पिछले तीन वर्षों में साइबर ठगों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें 12 हजार से अधिक ...और पढ़ें

गाजियाबाद में साइबर ठगों पर पुलिस का शिकंजा, 12 हजार खाते फ्रीज ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
12 हजार से अधिक बैंक खाते फ्रीज, 24 हजार मोबाइल नंबर ब्लॉक।
196 फर्जी ऐप और 23 वेबसाइट भी पुलिस ने बंद कराईं।
साइबर क्राइम थाने ने 327 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
विनित, गाजियाबाद। साइबर ठगों के नेटवर्क पर प्रहार करते हुए पुलिस ने पिछले करीब तीन वर्षों में बड़ी कार्रवाई की है। साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जा रहे 12 हजार से ज्यादा बैंक खातों को फ्रीज या लीन कराया गया है।
इसके साथ ही ठगी में इस्तेमाल 24 हजार मोबाइल नंबर और 14 हजार आइएमईआइ नंबर ब्लाक कराए गए हैं। पुलिस ने 196 फर्जी एप और 23 वेबसाइट भी बंद कराई हैं। इस कार्रवाई का मकसद साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों, मोबाइल फोन और डिजिटल प्लेटफॉर्म की कड़ी तोड़ना है।
15 निरीक्षक किए गए तैनात..
जनपद में जनवरी 2024 में साइबर क्राइम थाने की शुरूआत की गई थी। मौजूदा समय में यह थाना 24 घंटे काम करता है। पुलिस आयुक्त ने साइबर क्राइम से जुड़े मामलों की जांच में तेजी लाने के लिए बीते वर्ष 15 निरीक्षक तैनात किए थे।
ठगी की रकम वापस कराने की चुनौती भी बनी हुई है। साइबर क्राइम थाना खुलने के बाद से 223 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम ठगी गई है जिसमें से अब तक करीब 43 करोड़ रुपये वापस हुए हैं। इस तरह कुल ठगी की रकम का करीब 20 प्रतिशत ही वापस हो सका है।
ऐसे में लोगों को अनजान निवेश योजनाओं, संदेशों और फोन काल से सतर्क रहने की जरूरत है। किसी भी दबाव या लालच में आकर रुपये ट्रांसफर करने से पहले उसकी पुष्टि करना जरूरी है।
तीन साल में साइबर ठगी के मामले
2024: 368 86.86 करोड़
2025: 272 86.50 करोड़
2026: 209 51.92 करोड़
साइबर ठगी की घटनाओं में लगातार कमी आ रही है। प्रभावी कार्रवाई और जागरूकता के कारण यह संभव हो रहा है। साइबर क्राइम थाना खुलने के बाद से 327 आरोपित गिरफ्तार किए गए जबकि 39 मामलों में 100 प्रतिशत धनराशि वापस कराई गई है।--जे रविंदर गौड, पुलिस आयुक्त
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर ग्रेप नियमों का उल्लंघन, धूल से यात्री परेशान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।