गाजियाबाद में सिपाही भर्ती की दौड़ में 830 अभ्यर्थी पहुंचे, पहले दिन 708 हुए सफल; 5 की बिगड़ी तबीयत
गाजियाबाद में सिपाही भर्ती के लिए गोविंदपुरम स्थित पीएसी मैदान में दौड़ आयोजित की गई, जिसमें पहले दिन 830 में ...और पढ़ें

गोविंदपुरम स्थित पीएसी मैदान में पुलिस भर्ती दौड़ में हिस्सा लेते अभ्यर्थी। सौ. पुलिस
HighLights
गाजियाबाद में सिपाही भर्ती दौड़ का पहला दिन।
830 में से 708 अभ्यर्थी दौड़ में सफल रहे।
पांच अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल भेजा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। सिपाही भर्ती के लिए शनिवार को गोविंदपुरम स्थित 47वीं वाहिनी पीएसी मैदान में अभ्यर्थियों की दौड़ हुई। सुबह अंधेरा रहते ही बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मैदान के बाहर जुटने शुरू हो गए थे।
पहले दिन दौड़ के लिए कुल 875 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, जिनमें से 830 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। 708 अभ्यर्थियों ने दौड़ में सफलता हासिल की, जबकि 45 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस दौरान पांच अभ्यर्थियों की तबीयत भी बिगड़ गई।
4500 अभ्यर्थियों की होनी है दौड़
दौड़ के दौरान अभ्यर्थियों में उत्साह के साथ कड़ी प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिली। निर्धारित प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को दौड़ में शामिल कराया गया। मैदान में सुबह से ही अभ्यर्थियों और उनके स्वजन की आवाजाही शुरू हो गई थी। सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
दौड़ के दौरान पांच अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल उपचार के लिए संजय नगर स्थित संयुक्त जिला अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। पुलिस भर्ती प्रक्रिया के तहत गाजियाबाद में आठ अक्टूबर तक करीब साढ़े चार हजार अभ्यर्थियों की दौड़ कराई जानी है।
करीब 85 प्रतिशत अभ्यर्थी दौड़ में सफल रहे
इसे देखते हुए पीएसी मैदान में सुरक्षा, चिकित्सा और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। शुक्रवार को वरिष्ठ अधिकारियों ने मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया था। मुख्य नोडल अधिकारी डीसीपी मुख्यालय बलवंत कुमार चौधरी के मुताबिक पहले दिन उपस्थित 830 अभ्यर्थियों में 708 के सफल होने के अनुसार करीब 85 प्रतिशत अभ्यर्थी दौड़ में सफल रहे। भर्ती प्रक्रिया के अगले चरणों में भी निर्धारित मानकों के अनुसार अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी।
