छठ पूजा पर गाजियाबाद में बदला रहेगा ट्रैफिक, 15-16 नवंबर को इन मुख्य मार्गों पर भारी वाहन बैन; देखें रूट
गाजियाबाद में छठ पूजा के मद्देनजर 15 और 16 नवंबर को यातायात पुलिस ने भारी वाहनों के लिए डायवर्जन प्लान ...और पढ़ें

छठ पूजा पर रूट रहेंगे डायवर्ट। एआई जनरेटेड इमेज
HighLights
छठ पूजा के लिए गाजियाबाद में ट्रैफिक डायवर्जन।
15-16 नवंबर को भारी वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।
हिंडन पुल, गंगनहर पुल पर आवाजाही बंद।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। छठ पूजा को लेकर यातायात पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 15 और 16 नवंबर को जीटी रोड स्थित हिंडन पुल और मुरादनगर में गंगनहर पुल की तरफ भारी वाहनों की आवाजाही नहीं होगी।
नागद्वार से रोटरी गोलचक्कर की तरफ भी भारी वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। डायवर्जन रविवार दोपहर 12 बजे से सोमवार सुबह करीब 10 बजे तक के लिए है।
15 नवंबर की शाम को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के समय से लेकर देर रात तक हिंडन पुल की तरफ भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इसी प्रकार 16 नवंबर की सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिए जाने के दौरान भी इस मार्ग पर वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रखा जाएगा।
इन रास्तों पर आवाजाही रहेगी बंद
मोहननगर से हिंडन नदी पुल की तरफ एवं नया बस अड्डा से हिंडन नदी पुल की तरफ भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। ऐसे सभी भारी वाहन वाया सिद्धार्थ विहार एनएच-नौ होते हुए अपने गंतव्य को जाएंगे।
नागद्वार से रोटरी गोल चक्कर की तरफ तथा हिंडन नदी से नागद्वार व रोटरी की तरफ भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा। राजनगर एक्सटेंशन से भी रोटरी की तरफ भारी वाहनों के जाने पर रोक लगाई गई है।
मुरादनगर क्षेत्र में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर कुंडली से आकर मेरठ उतार और पलवल से मेरठ उतार की तरफ से आने वाला कोई भी भारी वाहन गंगनहर मुरादनगर की तरफ नहीं जाएगा।
गाजियाबाद से मेरठ जाने वाले भारी वाहन पलवल चढ़ाव होकर भेजे जाएंगे
गाजियाबाद से मेरठ की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को पलवल चढ़ाव से होकर भेजा जाएगा। चुंगी नंबर तीन रावली रोड कट और रावली रोड कट से कोई भी भारी वाहन गंगनहर की तरफ नहीं जा सकेगा।
मोदीनगर से आने वाले भारी वाहनों को सिवली कट यूटर्न से डायवर्ट किया जाएगा, जबकि राज चौपला मोदीनगर से गंगनहर की तरफ आने वाले भारी वाहनों को भोजपुर की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
छठ पर्व के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रहे, इसके लिए डायवर्जन प्लान जारी किया गया है।
-त्रिगुण बिसेन, डीसीपी ट्रैफिक
यह भी पढ़ें- दिल्ली के ITO में बनेगा अत्याधुनिक छठ घाट, पांच एकड़ में बनेगा पर्यटन केंद्र; एक साल में तैयार होगी योजना
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।