दिल्ली के ITO में बनेगा अत्याधुनिक छठ घाट, पांच एकड़ में बनेगा पर्यटन केंद्र; एक साल में तैयार होगी योजना
आईटीओ स्थित हाथी घाट को विश्वस्तरीय छठ घाट के रूप में विकसित किया जाएगा, जो पांच एकड़ में फैला होगा। ...और पढ़ें

आईटीओ में स्थित यमुना घाट, फोटो-दैनिक जागरण
HighLights
आईटीओ हाथी घाट विश्वस्तरीय छठ केंद्र के रूप में विकसित होगा।
पांच एकड़ क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं और हरित क्षेत्र बनेगा।
सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में पहचान मिलेगी।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। आईटीओ स्थित हाथी घाट को छठ पूजा के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। यह सबसे बेहतर सुविधाओं वाला अत्याधुनिक छठ घाट बनेगा। करीब पांच एकड़ क्षेत्र में घाट, पैदल पथ, बैठने की जगह, हरित क्षेत्र, प्रवेश द्वार और अन्य सुविधाओं की योजना तैयार होगी।
शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी और सुरक्षा इंतजाम भी प्रस्तावित हैं। इसे केवल पूजा स्थल तक सीमित न रखकर सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
एक साल के भीतर पूरे होंगे काम
लोक निर्माण विभाग ने घाट के विकास और सुंदरीकरण के लिए वास्तु एवं इंजीनियरिंग सलाहकार नियुक्त करने का टेंडर जारी किया है। सलाहकार को विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और निर्माण संबंधी दस्तावेज तैयार करने होंगे। चयनित सलाहकार को पूरे क्षेत्र का विस्तृत अध्ययन कर विभाग के निर्देशों के अनुसार विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करनी होगी।
इसी रिपोर्ट के आधार पर आगे निर्माण और विकास कार्य कराए जाएंगे। परियोजना के लिए शुरुआती अनुमानित राशि 15 लाख रुपये रखी गई है। सलाहकार को एक साल के भीतर अपना काम पूरा करना होगा, ताकि अगले छठ पर्व से पहले परियोजना को आगे बढ़ाया जा सके।
हरित क्षेत्र में विकसित होगा 75 प्रतिशत हिस्सा
परियोजना की खास बात यह होगी कि कुल क्षेत्रफल का 75 प्रतिशत हिस्सा हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाएगा। घाट पर नदी तक पहुंचने के लिए सीढ़ीनुमा निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही नदी किनारे सैर के लिए विशेष मार्ग और लोगों की सुविधाओं के लिए अलग क्षेत्र विकसित किया जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छायादार पैदल मार्ग, आकर्षक छतरी, कलात्मक छाजन, बैठने की व्यवस्था और विश्राम स्थल भी बनाए जाएंगे।
परिसर में क्या बनेगा?
छठ पर्व की पारंपरिक मान्यताओं और प्रतीकों को दर्शाने वाली दीवारें और जालीदार संरचनाएं बनाई जाएंगी। इसके अलावा परिसर में आकर्षक फव्वारे और भूदृश्य सज्जा के माध्यम से इसे सुंदर स्वरूप दिया जाएगा। शाम के समय परिसर को आकर्षक बनाने के लिए प्रकाश एवं ध्वनि की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।