छठ पूजा 2026: साहिबाबाद में घाटों की बदहाली से कैसे अर्घ्य देंगे श्रद्धालु? 75% तक काम अधूरे
गाजियाबाद में छठ महापर्व शुरू होने से पहले कई घाटों पर तैयारियां अधूरी हैं, जिससे लाखों श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

नगर निगम के दावों के बीच घाटों पर पसरा सन्नाटा। जागरण
HighLights
छठ महापर्व से पहले गाजियाबाद में घाटों पर तैयारी अधूरी।
शालीमार गार्डन, हरनंदी घाट पर कार्य अभी भी अधूरा पड़ा है।
पूर्वांचल समितियों ने प्रशासन व निगम पर लापरवाही का आरोप लगाया।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। छठ पूजा महापर्व का शुक्रवार से आगाज हो जाएगा। इसके बाद भी अभी तक घाटों पर तैयारी पूरी नहीं हो सकी।
हरनंदी छठ घाट पर भी विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। जबकि पूर्वांचल समाज की विभिन्न समितियां एक माह पहले से ही तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन व नगर निगम से मांग शुरू कर देती हैं।
इसके बाद भी 60 से 70 फीसदी कार्य अधूरे पड़े हुए हैं। अगर समय रहते कार्य पूरे नहीं हुए तो लाखों श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ेगी। वहीं, नगर निगम के अधिकारियों का दावा है कि समय रहते ज्यादातर कार्य पूरा कर लिया गया है।
शालीमार गार्डन घाट का 40 प्रतिशत कार्य भी पूरा नहीं
शालीमार गार्डन डबल टंकी के पास श्रद्धालुओं के लिए कृत्रिम छठ घाट बनाया गया है। घाट को तैयार करने का अभी तक 40 प्रतिशत कार्य भी पूरा नहीं हो सका है। जबकि महज दो दिन ही काम करने के लिए मिलेंगे।
पूर्वांचल कालिदास नवयुवक विकास समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि यहां वृंदावन गार्डन, जनकपुरी, श्याम एन्क्लेव, गणेशपुरी, शहीदनगर, डीएलएफ, राजेंद्र नगर समेत 10 से अधिक कालोनियों के 15 हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके बाद भी कार्य पूरा नहीं हुआ है। बुधवार को नगर निगम के अधिकारियों से मिलकर शिकायत करेंगे।
हरनंदी छठ घाट का कार्य भी अधूरा
हरनंदी छठ घाट पर हर वर्ष एक लाख से अधिक श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने के लिए पहुंचते हैं। यहां की तैयारियां भी अभी अधूरी पड़ी हुई हैं। रंगाई-पुताई व घाट पर सफाई का कार्य किया जा रहा है।
अधिकारियों का दावा है कि 12 नवंबर की शाम तक सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। गंगाजल भी छोड़ा जाएगा। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि हरनंदी घाट पर छठ पूजा के दिन गोताखोरों को तैनात किया जाएगा। एनडीआरएफ की टीम भी तैनात रहेंगी।
25 प्रतिशत कार्य ही हुए पूरे
वैशाली सेक्टर-दो में हरनंदी नहर घाट पर भी हर वर्ष करीब 25 से 30 हजार श्रद्धालु वैशाली, वसुंंधरा, इंदिरापुरम, खोड़ा, महाराजपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचते हैं। यहां कार्य चल रहा है, लेकिन अभी तक महज 25 प्रतिशत कार्य ही पूरा हो सका है।
करीब 75 प्रतिशत कार्य बचा हुआ है। अगर समय रहते कार्य नहीं हुए तो श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ सकती है। पूर्वांचल छठ पूजा समिति वैशाली के पदाधिकारियों का कहना है कि नगर निगम के अधिकारियों ने जल्द कार्य पूरे कराने का आश्वासन दिया है।
सोसायटियों में चल रही छठ पूजा की तैयारी
ट्रांस हिंडन की विभिन्न सोसायटियों में छठ पूजा की तैयारी चल रही है। इंदिरापुरम की शिप्रा सनसिटी सोसायटी के स्वीमिंग पूल में छठ पूजा होगी। स्वीमिंग पूल की सफाई की जा रही है। पूल के आसपास सफाई कर दी गई है।
इसी तरह शिप्रा रिवेरा, शिप्रा कृष्णा विस्टा, गौर ग्रीन, आदित्य मेगा सिटी, सनराइज ग्रीन, महागुन मेंशन, सुपरटेक, शिखर एन्क्लेव, क्लाउड नाइन, भारत सिटी आदि सोसायटियों में छठ पूजा की तैयारी की जा रही है।
'एक माह पहले से ही जिला प्रशासन व नगर निगम से मांग कर रहे थे कि घाट तैयार कराए जाएं, लेकिन अभी तक भी ज्यादातर कार्य नहीं हुए हैं। इससे श्रद्धालुओं को परेशानी होगी।'
-अशोक साह, अध्यक्ष, पूर्वांचल कालिदास नवयुवक विकास समिति।
'छठ घाटों को तैयार करने में जिला प्रशासन व नगर निगम जुटा हुआ है, जल्द ही सभी कार्य पूरे करने के आश्वासन मिला है। हालांकि पहले से सभी कार्य पूरे कर लेने चाहिए थे।'
-राकेश तिवारी, राष्ट्रीय महासचिव, पूरबिया जनकल्याण परिषद।
'छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। अभी सफाई, पानी का छिड़काव समेत विभिन्न कार्य होने बाकी हैं। जल्द ही बचे हुए कार्य पूरे करने का आश्वासन दिया गया है।'
-सुभाष सिंह, महासचिव, पूर्वांचल छठ पूजा समिति वैशाली।
'छठ घाटों की साफ-सफाई, मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था का कार्य तेजी से किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए संबंधित अधिकारियों को कड़े आदेश दिए गए हैं।'
-विक्रमादित्य सिंह मलिक, नगर आयुक्त, नगर निगम।
यह भी पढ़ें- छठ पूजा पर बिहार-यूपी जाने वालों के लिए बड़ी राहत, दिल्ली-NCR के स्टेशनों से चलेंगी 31 स्पेशल ट्रेनें
यह भी पढ़ें- छठ के बाद घर लौटने वालों के लिए राहत, आनंद विहार से भागलपुर के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।