विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गाजियाबाद में ‘नो पीयूसीसी-नो फ्यूल’ की कवायद तेज, शहर के 143 पेट्रोल पंपों पर लगाए जाएंगे ANPR कैमरे 

Published: Sat, 28 Nov 2026 12:08 AM (GMT+05:30)

गाजियाबाद में 'नो पीयूसीसी-नो फ्यूल' व्यवस्था लागू करने के लिए 143 पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे। यूपी-सिडको को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिससे वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन कर पीयूसीसी की वैधता जांची जा सकेगी।

पेट्रोल पंप पर पहुंचते ही स्कैन हो जाएंगे गाड़ियों के नंबर। फोटो: एआई जनरेटेड

पेट्रोल पंप पर पहुंचते ही स्कैन हो जाएंगे गाड़ियों के नंबर। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. गाजियाबाद के 143 पेट्रोल पंपों पर लगेंगे एएनपीआर कैमरे।

  2. यूपी-सिडको को सौंपी गई कैमरे लगाने की जिम्मेदारी।

  3. 'नो पीयूसीसी-नो फ्यूल' व्यवस्था प्रभावी बनाने में मिलेगी मदद।

लक्ष्य चौधरी, गाजियाबाद। जिले में ‘नो पीयूसीसी-नो फ्यूल’ व्यवस्था लागू करने की कवायद अब आगे बढ़ती दिख रही है। पेट्रोल पंपों पर ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाने की जिम्मेदारी अब यूपी-सिडको (उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड) को सौंपी गई है।

जिले के 143 पेट्रोल पंपों पर कैमरे लगाए जाएंगे। पहले यह काम परिवहन विभाग के माध्यम से कराया जाना था, लेकिन शासन स्तर पर हुए निर्णय के बाद जिम्मेदारी में बदलाव किया गया है।

कैमरों से होगी पीयूसीसी की वैधता की जांच

एएनपीआर कैमरों के जरिये पेट्रोल पंपों पर पहुंचने वाले वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन होगी। इसके बाद वाहन की पहचान कर उसके प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) की वैधता जांचने में मदद मिलेगी।

जिन वाहनों के पास वैध पीयूसीसी नहीं होगा, उन्हें ईंधन देने पर रोक लगाने की व्यवस्था लागू की जा सकेगी। इससे नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर निगरानी भी आसान होगी।

दरअसल, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने एक अक्टूबर से ही पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाने के निर्देश दिए थे।

शासन ने भी 30 नवंबर तक कैमरे लगाने की समयसीमा निर्धारित की थी, लेकिन तकनीकी और प्रशासनिक अड़चनों के चलते काम शुरू नहीं हो सका।

हाई कोर्ट पहुंचा था कैमरे लगाने का मामला

शुरुआत में आपूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों के मोबाइल फोन में एप डाउनलोड कराकर वाहनों के पीयूसीसी की जांच कराने की व्यवस्था बनाई थी, लेकिन मंत्रालय से वाहनों का डाटा उपलब्ध नहीं होने के कारण यह व्यवस्था प्रभावी नहीं हो सकी।

कैमरे लगाने को लेकर पेट्रोल पंप संचालकों की आपत्तियों और मामला हाईकोर्ट पहुंचने के बाद शासन ने नई व्यवस्था के तहत यूपी-सिडको को जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया।

पंप संचालकों से भी कैमरे लगाने के लिए एनओसी प्राप्त की जा चुकी है। एआरटीओ प्रशासन अशोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जिले के 143 पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाए जाने हैं।

कैमरे लगाने की जिम्मेदारी यूपी-सिडको को दी गई है। कैमरे लगने के बाद वाहनों की नंबर प्लेट के माध्यम से पीयूसीसी की वैधता जांचने और ‘नो पीयूसीसी-नो फ्यूल’ व्यवस्था को प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- कौन हैं लक्ष्मी सिंह? नोएडा में चार साल कमिश्नर रहने के बाद अब संभालेंगी गाजियाबाद पुलिस की कमान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।