दीपावली पर गाजियाबाद से अलीगढ़ के बीच चलेगी स्पेशल ईएमयू, 3 दिन मिलेगी अतिरिक्त ट्रेन की सुविधा
दीपावली पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने गाजियाबाद से अलीगढ़ के बीच 5, 6 और ...और पढ़ें

दैनिक यात्रियों को त्योहार के दौरान आवागमन में सहूलियत होगी। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
गाजियाबाद-अलीगढ़ के बीच विशेष ईएमयू ट्रेन चलेगी।
5, 6 और 7 नवंबर को होगा संचालन।
त्योहार पर यात्रियों को आवागमन में मिलेगी सुविधा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दीपावली के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने गाजियाबाद से अलीगढ़ के बीच ईएमयू फेस्टिवल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन पांच, छह और सात नवंबर को संचालित की जाएगी। इससे गाजियाबाद से अलीगढ़ के बीच सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी। खासकर दैनिक यात्रियों को त्योहार के दौरान आवागमन में सहूलियत होगी।
गाड़ी नंबर 04413 अलीगढ़ से पांच, छह और सात नवंबर को चलेगी
त्योहार के समय ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से नियमित ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है। ऐसे में अतिरिक्त ईएमयू ट्रेन चलने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए एक और विकल्प मिलेगा। रोजाना विभिन्न स्टेशनों के बीच यात्रा करने वाले लोगों को इसका लाभ मिल सकेगा।
गाजियाबाद स्टेशन से पांच, छह और सात नवंबर को गाड़ी नंबर 04414 चलेगी।ईएमयू फेस्टिवल ट्रेन का ठहराव मारीपत, दनकौर, खुर्जा और कुलवा समेत मार्ग के अन्य निर्धारित स्टेशनों पर होगा। इससे बीच के स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। वही वापसी में गाड़ी नंबर 04413 अलीगढ़ से पांच, छह और सात नवंबर को चलेगी।
प्रवेश द्वार के पास सड़क बेहतर होने से आवागमन सुगम होगा
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री ट्रेनों से सफर करते हैं। दीवाली,छठ जैसे त्योहारों के दौरान यात्रियों की संख्या में और इजाफा हो जाता है। दीवाली और छठ के अवसर पर बिहार, झारखंड और पूर्वांचल की ओर जाने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने से स्टेशन परिसर में आवाजाही का दबाव भी बढ़ जाता है।
सिटी साइड स्थित सर्कुलेटिंग एरिया में सड़क खराब होने से यात्रियों को दिक्कत हो रही थी। बारिश के दौरान इस सड़क पर गड्ढों में पानी भी भर जाता था। इसको देखते हुए रेलवे ने प्रवेश गेट के पास सड़क को नए सिरे से बनाने का कार्य शुरू कर दिया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार सर्कुलेटिंग एरिया स्टेशन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां से यात्री स्टेशन परिसर में प्रवेश करते हैं और ट्रेन से उतरने के बाद बाहर निकलते हैं। सड़क की स्थिति बेहतर होने से यात्रियों का आवागमन सुगम होगा। दीवाली से पहले ये सड़क बनकर तैयार हो जाएगी।
सुरक्षा बढ़ाई गई
त्योहारों को लेकर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) द्वारा स्टेशन पर निगरानी की जा रही है।
इसके साथ ही एएस टीम द्वारा स्टेशन परिसर में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यात्रियों के सामान और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार, टिकट घर, प्रतीक्षालय और फुटओवर ब्रिज पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। एएस टीम द्वारा स्टेशन के विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की गई।
यात्री को आया हार्ट अटैक, मौत
गौर सिटी से लखनऊ जा रहे इकबाल बहादुर की बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन पर तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन पर उन्हें हार्ट अटैक आया था। तबीयत बिगड़ने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान उन्हें तत्काल यशोदा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
बेटी पूजा ने बताया कि पत्नी के हाथ में चोट लगने के कारण इकबाल बहादुर दो दिन पहले लखनऊ से गौर सिटी आए थे। गुरुवार सुबह सात बजे तेजस एक्सप्रेस से लखनऊ जा रहे थे। स्टेशन पर सीढ़ियां चढ़ने के बाद प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो पर ट्रेन पकड़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई।
इकबाल बहादुर मूल रूप से मैनपुरी के निवासी थे। जीआरपी इंस्पेक्टर मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि सूचना मिलते ही जवान मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए यशोदा अस्पताल लेकर गए, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
यात्री को बैग सुरक्षित सौंपा गया
आरपीएफ के एएसआइ सुनील कुमार ने बताया यात्री दुर्गेश कुमार गुप्ता का 22 अक्टूबर को यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में बैग सीट पर रह गया था। सूचना के बाद यात्री का बैग ट्रेस करते हुए सुरक्षित सौंप दिया गया है। यात्री को उसका सामान ठीक-ठाक सुपर्द किया ।उक्त सामान की कीमत लगभग पांच हजार की है। यात्री ने रेलवे सुरक्षा बल का धन्यवाद दिया किया है।
