गाजियाबाद में एडवांस टैक्स का बदला ट्रेंड, कई सेक्टर में बढ़ा टैक्स तो तीन में आई गिरावट; रियल एस्टेट ने चौकाया
गाजियाबाद में वित्तीय वर्ष 2026-27 में एडवांस टैक्स संग्रह में मिश्रित रुझान दिखे हैं। स्वास्थ्य और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में ...और पढ़ें

आयकर विभाग के आंकड़ों में जिले की अर्थव्यवस्था की अलग-अलग तस्वीर सामने आई हैं।
HighLights
स्वास्थ्य सेवाओं और विनिर्माण क्षेत्र में एडवांस टैक्स संग्रह बढ़ा।
रियल एस्टेट, निर्माण और वित्तीय सेवाओं में टैक्स घटा।
सेल्फ असेसमेंट टैक्स में भारी वृद्धि, विभाग जांच करेगा।
शाहनवाज अली, गाजियाबाद। आयकर विभाग के आंकड़ों में जिले की अर्थव्यवस्था की अलग-अलग तस्वीर सामने आई हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में 31 अगस्त तक छह प्रमुख क्षेत्रों से एडवांस टैक्स संग्रह में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि निर्माण-परिवहन, वित्तीय मध्यस्थता और रियल एस्टेट क्षेत्र में एडवांस टैक्स भुगतान घटा है। विभाग ने इसे अनुपालन और वास्तविक कारोबारी स्थिति के लिहाज से जांचने की जरूरत बताई है।
एडवांस टैक्स से बदल गए आंकड़े
प्रधान आयकर आयुक्त गाजियाबाद क्षेत्र के आंकड़ों के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं से 25.97 करोड़ रुपये एडवांस टैक्स मिला, जो पिछले वर्ष की समान अवधि के 19.07 करोड़ रुपये के मुकाबले 36.18 प्रतिशत अधिक है। विनिर्माण क्षेत्र में 83.29 करोड़ रुपये का संग्रह हुआ, जो 64.49 करोड़ रुपये से बढ़कर 29.16 प्रतिशत अधिक है।
72.55 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की
थोक एवं खुदरा व्यापार से 45.86 करोड़ रुपये मिले, जिसमें 10.04 प्रतिशत वृद्धि हुई। अन्य सेवाओं एवं विविध गतिविधियों में सबसे अधिक 72.55 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई और संग्रह 9.95 करोड़ से बढ़कर 17.17 करोड़ रुपये पहुंच गया। पेशेवर सेवाओं में 23.90 प्रतिशत और वेतन आय में 16.85 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
इन क्षेत्रों में घटा टैक्स
निर्माण, परिवहन एवं अन्य क्षेत्र में एडवांस टैक्स 6.85 करोड़ से घटकर 4.29 करोड़ रुपये रह गया, यानी 37.31 प्रतिशत की गिरावट। वित्तीय मध्यस्थता सेवाओं में 3.71 करोड़ के मुकाबले 2.85 करोड़ रुपये संग्रह हुआ, जो 23.07 प्रतिशत कम है। रियल एस्टेट एवं रेंटिंग सेवाओं में भी 4.19 करोड़ से घटकर 2.85 करोड़ रुपये संग्रह हुआ और 32.11 प्रतिशत गिरावट दर्ज की गई।
मैन्युफैक्चरिंग में इलेक्ट्रिकल मशीनरी का जोर
विनिर्माण क्षेत्र में इलेक्ट्रिकल मशीनरी एवं उपकरण निर्माण से एडवांस टैक्स में 127.26 प्रतिशत की वृद्धि हुई। अन्य विनिर्माण गतिविधियों में 35.67 प्रतिशत और हथियार एवं गोला-बारूद निर्माण में 125 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं साबुन-डिटर्जेंट निर्माण में 93.87 प्रतिशत और उर्वरक एवं नाइट्रोजन यौगिक निर्माण में 29.07 प्रतिशत की गिरावट रही।
स्वास्थ्य क्षेत्र में मेडिकल शिक्षा चमकी
स्वास्थ्य सेवाओं में मेडिकल शिक्षा से एडवांस टैक्स संग्रह में 294.41 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि हुई। अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में 120.37 प्रतिशत और मेडिकल क्लीनिक में 6.31 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
सेल्फ असेसमेंट टैक्स 183 प्रतिशत बढ़ा
आयकर विभाग के अनुसार एक अप्रैल से 31 अगस्त 2026 के बीच शीर्ष 20 कंपनियों और फर्मों द्वारा जमा सेल्फ असेसमेंट टैक्स करीब 27.94 करोड़ रुपये से बढ़कर 79.16 करोड़ रुपये हो गया। इसमें 183.29 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
विभाग ने हालांकि इस रुझान को अनुपालन के नजरिये से जांचने की जरूरत बताई है। आशंका जताई गई है कि कुछ करदाता निर्धारित किस्तों में पर्याप्त एडवांस टैक्स जमा करने के बजाय बाद में सेल्फ असेसमेंट टैक्स के माध्यम से देनदारी पूरी कर रहे हैं।
