गाजियाबाद की सोसायटी के फ्लैट में मिला IT इंजीनियर का शव, नौकरी छूटने के बाद से एक साल से रह रहा था अकेला
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में 43 वर्षीय आइटी इंजीनियर रोहित माहेश्वरी अपने फ्लैट में मृत पाए गए। उनके पास शराब की बोतल और सिगरेट मिली, पुलिस को अत्यधिक शराब सेवन से मौत का संदेह है।

राजनगर एक्सटेंशन की सोसायाटी में मिला आईटी इंजीनियर रोहित का शव। फोटो: फाइल
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन की एसजी ग्रैंड सोसायटी के फ्लैट में बृहस्पतिवार को आईटी इंजीनियर 43 वर्षीय रोहित माहेश्वरी का शव मिला। पास में शराब की बोतल, सिगरेट और गिलास था।
पुलिस का कहना है कि रोहित की मां मेरठ से उनके पास आई थीं। दरवाजा नहीं खोलने पर मेंटेनेंस विभाग ने पुलिस को फोन किया था। दरवाजा तोड़कर अंदर जाकर देखने पर सोफे पर रोहित मृत पाए गए।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला अत्यधिक शराब का सेवन करने से मौत होना लग रहा है, लेकिन मौत की सही वजह का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट से चलेगा।
एक साल से फ्लैट में अकेले रह रहे थे रोहित
पुलिस के मुताबिक मेरठ के जागृति विहार निवासी रोहित माहेश्वरी राजनगर एक्सटेंशन स्थित एसजी ग्रैंड सोसायटी में करीब एक साल से फ्लैट में अकेले ही रह रहे थे।
मनमुटाव के चलते पत्नी आंचल माहेश्वरी और बेटा उनसे अलग मेरठ के शास्त्रीनगर में रहते हैं। जबकि उनकी मां जागृति विहार में रहती हैं। पुलिस का कहना है कि रोहित की सालभर पहले नौकरी चली गई थी, उसके बाद से उन्होंने कोई दूसरी नौकरी ज्वाइन नहीं की थी।
स्वजन ने पुलिस को बताया है कि उन्हें शराब बहुत पीने की आदत थी।
तबीयत खराब होने की मां को दी थी जानकारी
बुधवार रात उन्होंने अपनी मां को फोन कर बताया कि उनकी तबीयत खराब है। मां ने कहा कि वह सुबह घर आएंगी। बृहस्पतिवार दोपहर जब उनकी मां आईं तो फ्लैट का दरवाजा डोरबेल बजाने पर भी नहीं खुला।
उन्होंने सोसायटी के मेंटेनेंस विभाग को फोन किया। फिर पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। ड्राइंग रूम में रोहित सोफे पर मृत अवस्था में थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगी मौत की वजह
एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक शुरुआती जांच में मौत की वजह अत्यधिक शराब का सेवन लग रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पीएम रिपोर्ट से मौत की सही वजह और समय का पता चलेगा।
पुलिस का कहना है कि रोहित के भाई भी इसी सोसायटी में रहते हैं, लेकिन शायद दोनों भाइयों में बात नहीं होती, जिस वजह से उन्होंने मां को फोन किया था।
मां ने भी अपने दूसरे बेटे को बताने की बजाय उन्हें कहा कि वह बृहस्पतिवार को आएंगी। रोहित ने समय रहते भाई को सूचना दी होती तो हो सकता है उनकी जान बच जाती।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद की GH-7 सोसायटी के बेसमेंट में खड़ी कार में लगी आग, CCTV में कैद हुई पूरी घटना