गाजियाबाद में बिजली चोरों के खिलाफ वसूली अभियान तेज, 15 दिन की मोहलत खत्म होते ही कटेगी बिजली
विद्युत निगम ने 25 हजार बिजली चोरों को नोटिस जारी किए हैं, जिनमें से 20 हजार को तीसरी बार नोटिस मिला है। 15 दिन में जुर्माना जमा न करने पर उनके कनेक्शन काट दिए जाएंगे।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। विद्युत निगम ने जुर्माने की राशि जमा नहीं करने वाले करीब 25 हजार बिजली चोरों को नोटिस जारी कर दिए हैं। इनमें से करीब 20 हजार ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्हें बीते छह माह में तीसरी बार नोटिस जारी किया है।
उन्हें बकाया जमा करने के लिए 15 दिन समय दिया गया है। अगर निर्धारित तिथि तक जुर्माने की राशि जमा नहीं की तो उनके घरों के कनेक्शन काटे जाएंगे।
बिजली चोरी करने वालों पर लगा जुर्माना
विद्युत निगम अभियान चलाकर बिजली चोरों पर कार्रवाई करता है, जो भी बिजली चोरी करता पाया जाता है, उस पर जुर्माना लगाया जाता है, लेकिन वह जुर्माने की राशि जमा नहीं करते। अब मुख्यालय के आदेश पर विद्युत निगम राजस्व की वसूली कर रहा है।
बकायेदारों, नेवर पेड (कनेक्शन लेने के बाद बिल जमा नहीं करने वाले) और बिजली चोरों से अधिक से राजस्व की वसूली की जाएगी।
तीन जोन में 150 करोड़ रुपये बकाया
विद्युत निगम के जोन-एक, दो व तीन में बिजली चोरों पर जुर्माने का करीब 150 करोड़ रुपये बकाया है।अकेले जोन-दो में करीब 12 हजार बिजली चोरों पर 70 करोड़ बकाया है। इसके अलावा जोन-एक व तीन में भी कुल जुर्माना का आधा है। अधिकारियों का कहना है कि जोन-दो में ग्रामीण क्षेत्र अधिक है। यहां बिजली चोरी भी अधिक होती है।
नोटिस मिलने के बाद भी नहीं जमा की राशि
बिजली चोरी करने वाले 4125 से अधिक ऐसे हैं, जिन पर एक लाख से अधिक जुर्माने का बकाया है। इनमें से ज्यादातर ऐसे हैं जिन पर चार से पांच वर्ष पहले जुर्माना लगाया गया था। तमाम नोटिस के बाद भी अभी तक राशि जमा नहीं की है। विद्युत निगम इनसे प्राथमिकता के साथ वसूली करेगा।
नोटिस के बाद भी जो जुर्माने की राशि जमा नहीं करेंगे, उनके घरों के कनेक्शन काटने की तैयारी कर ली है। हर जोन में यह अभियान चलाया जाएगा।
- नरेश भारती, मुख्य अभियंता, विद्युत निगम जोन-दो
यह भी पढ़ें- साहिबाबाद: कूड़ा डालने से रोकने पर भाजपा पार्षद के PSO पर उस्तरे से हमला, एक आरोपी गिरफ्तार; तीन फरार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।