विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

4 साल तक मांगी थीं मन्नतें, पैदा होने के 9 माह बाद पिता ने मार डाला; गाजियाबाद हत्याकांड में बड़ा खुलासा

Published: Thu, 12 Nov 2026 11:10 AM (IST)

गाजियाबाद में 9 माह के बच्चे की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने शव को ...और पढ़ें

मासूम बच्चे का फाइल फोटो। जागरण

मासूम बच्चे का फाइल फोटो। जागरण

संवाद सहयोगी, मसूरी (गाजियाबाद)। गाजियाबाद में वेव सिटी थाना क्षेत्र के बयाना गांव में 9 माह के मासूम का शव कब्र से निकालने के बाद किए गए पोस्टमॉर्टम की बुधवार को रिपोर्ट जारी हुई।

रिपोर्ट में पता चला कि गला दबाकर मासूम की हत्या की गई थी। यह हत्या उसके पिता ने की थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि रोने की वजह से पिता ने उसकी हत्या कर दी। यह बच्चा शादी के चार वर्ष बाद पैदा हुआ था। दोनों ने बच्चे के लिए चार साल तक मन्नतें मांगी थीं।

सोमवार को पुलिस की पीआरवी को सूचना मिली थी कि बयाना गांव में 9 माह बच्चे की मौत हो गई है। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची उससे पहले ही परिजनों ने बच्चे के शव को दफना भी दिया था। बच्चे की मां प्रियंका ने इस पर चुप्पी साधने के बजाय अपने ही पति अभिषेक पर हत्या का शक जताया।

शव को कब्र से बाहर निकलवाया

उधर, मां ने पुलिस को लिखित शिकायत दी कि उसके पति अभिषेक ने रो रहे मासूम बच्चे से परेशान होकर बेरहमी से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने मंगलवार को मजिस्ट्रेट की निगरानी में बच्चे के शव को कब्र से बाहर निकलवाया।

इसके बाद शव के परीक्षण के लिए डॉक्टरों के एक पैनल का गठन किया गया। डॉक्टरों ने वीडियोग्राफी के पोस्टमॉर्टम किया। बुधवार को जारी हुई रिपोर्ट में बच्चे की मौत का कारण सामने आया। मासूम की मौत बीमारी से नहीं, बल्कि गला दबाकर की गई हत्या से हुई थी।

पुलिस से लगातार झूठ बोलता रहा आरोपी

शिकायत के बाद मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की लेकिन आरोपी झूठ बोलता रहा कि बच्चे की मौत बीमारी से हुई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं आने तक पुलिस ने सख्ती से पूछताछ नहीं की। लेकिन जब बुधवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आई तो पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की। एसीपी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पिता अभिषेक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पत्नी के सामने गिड़गिड़ाया था आरोपी पति

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता अभिषेक ने अपनी पत्नी प्रियंका के आगे हाथ-पैर जोड़े थे कि वह इस बात की जानकारी किसी को न दे। पुलिस में शिकायत न करे। उसने पत्नी को बच्चे की मौत बीमारी से होने का विश्वास दिलाने की कोशिश की।

आरोपी को उम्मीद थी कि शव को दफना देने के बाद उसका जुर्म हमेशा के लिए दफन हो जाएगा। मां प्रियंका उस वक्त हिम्मत न जुटाती और अपने पति के दबाव में आ जाती तो यह आरोपी बच जाता।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में पिता पर एक साल के मासूम की हत्या का आरोप, पुलिस ने कब्र से बाहर निकलवाया शव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।