दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मछलियों से भरी पिकअप पलटी, पूरी लेन में बिखरीं मछलियां देख लूटने को भाग पड़े लोग
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मछलियों से भरा एक पिकअप वाहन टायर फटने से पलट गया, जिससे एक ऑल्टो कार भी क्षतिग्रस्त ...और पढ़ें

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) के कविनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह मछलियों से भरी एक पिकअप गाड़ी का अचानक टायर फट गया। वीडियो ग्रैब
HighLights
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर मछलियों से भरा पिकअप पलटा।
टायर फटने से हुआ हादसा, ऑल्टो कार भी क्षतिग्रस्त हुई।
कोई हताहत नहीं, लेकिन सड़क पर मछलियां बिखर गईं।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) के कविनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सुबह करीब साढ़े आठ बजे मेरठ की ओर जा रही मछलियों से भरी एक पिकअप गाड़ी का अचानक टायर फट गया। बेकाबू हुई पिकअप आगे चल रही आल्टो कार से टकराते हुए डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ। डीएमई पर मछली बिखरने से वाहनों की गति धीमी हो गई। सुबह लोगों को अपने कार्यालय व गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। हादसे का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित है।
पिकअप में लदी भारी मात्रा में मछलियां एक्सप्रेसवे की पूरी एक लेन पर बिखर गईं। मछलियों को देखने के लिए राहगीर अपने वाहन धीमे करने लगे। जिससे वहां यातायात बाधित होने लगा। इस बीच कुछ लोगों ने जमीन पर पड़ी मछलियों को समेटने की कोशिश की, लेकिन सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें फटकार लगाकर भगाया और मछलियों को कब्जे में लिया।
एसीपी कविनगर अभय डागा ने बताया कि सुबह मेरठ जाने वाली लेन पर दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीम ने एनएचएआइ की मदद से क्रेन के जरिए दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को तुरंत सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
जांच के अनुसार, मेरठ के तारापुरी निवासी पिकअप चालक सरफराज मछलियां लेकर मेरठ की तरफ जा रहा था। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त इाल्टो कार आनंद विहार निवासी सुनील गुप्ता की है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ है।
