मोदीनगर में नकली टाटा नमक, हार्पिक और ऑलआउट का बड़ा जखीरा जब्त, दो दुकानदारों को किया गया गिरफ्तार
मोदीनगर के देवेंद्रपुरी स्थित जिंदल किराना स्टोर पर टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के अधिकारियों ने छापा मारा। इस दौरान 750 ...और पढ़ें
-1772219258725_m.webp)
नामी कंपनियों के नकली उत्पाद बेचने वाले गिरफ्तार।
HighLights
जिंदल किराना स्टोर पर नकली सामान की बरामदगी हुई
750 नकली टाटा नमक पैकेट, हार्पिक, ऑलआउट जब्त किए गए
दुकानदार सुमित और राकेश को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, मोदीनगर (गाजियाबाद)। गाजियाबाद में मोदीनगर की देवेंद्रपुरी कॉलोनी में जिंदल किराना स्टोर पर टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार शाम को छापामारी की। यहां से टाटा नमक के 750 नकली पैकेट, 432 नकली हार्पिक व आलआउट के 218 फर्जी पीस बरामद हुए हैं। दुकानदार सुमित व ई-रिक्शा चालक राकेश को गिरफ्तार किया है। बरामद नकली सामान को पुलिस ने सील कर दिया है।
कंपनी के फील्ड मैनेजर की तहरीर पर मोदीनगर थाने में कापीराइट अधिनियम समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अभी यह साफ नहीं है कि नकली सामान तैयार कहां पर किया जा रहा है।
चंड़ीगढ़ के सेक्टर-34 के ललित कुमार टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड में स्पीड सर्च एंड सिक्योरिटी नेटवर्क फील्ड मैनेजर पद पर तैनात हैं। उनका कार्य कंपनी के नकली सामान की सप्लाई को रोकना है। उन्हें सूचना मिली थी कि मोदीनगर में भी कंपनी का नकली सामान बेचा जा रहा है। इस पर वे बृहस्पतिवार शाम को पुलिस के साथ देवेंद्रपुरी में जिंदल किराना स्टोर पर पहुंचे। यहां दुकानदार सुमित से उन्होंने पूछताछ की। इसके बाद दुकान में रखे सामान की चेकिंग की। यहां मिला टाटा नमक का पैकेट नकली था।
इसके बाद आलआउट व हार्पिक चेक किया तो वह भी नकली मिला। इसी बीच एक ई-रिक्शा भी वहां आया, जिसपर चालक राकेश था। ई-रिक्शा में रखे नमक के पैकेट, आलआउट व हार्पिक भी नकली था। ई-रिक्शा से जिंदल किराना स्टोर के नाम के बिल भी बरामद हुए। टीम सभी सामान को थाने ले आई। पुलिस ने सुमित व राकेश को हिरासत में ले लिया। पकड़े गए सामान की कीमत लाखों में है।
अधिक मुनाफे के चक्कर में लोगों की सेहत से खिलवाड़
बताया जा रहा है कि कंपनी के माल की तुलना में निकली माल की बिक्री पर अधिक मुनाफा मिलता है। दुकान अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने से भी नहीं चूक रहे हैं। नमक का इस्तेमाल सभी घरों में होता है, यहां टाटा नमक की पैकिंग के साथ अन्य नमक बेचा जा रहा था।
नमक की जांच कराने की भी पुलिस तैयारी में है, जिससे यह पता चल सके कि इसमें कोई हानिकारक पदार्थ का मिश्रण तो नहीं है। अभी पुलिस यह जानने में जुटी है कि कहां पर सामान के नकली पैकेट तैयार हो रहे हैं। सुमित व राकेश से पूछताछ में ज्यादा जानकारी पुलिस के हाथ नहीं लगी है।
ललित की शिकायत पर केस दर्ज कर सुमित व राकेश को गिरफ्तार किया गया है। बरामद सामान को सील कर दिया गया है। आगे की कार्रवाई चल रही है। - भास्कर वर्मा, एसीपी मोदीनगर
यह भी पढ़ें- मंगलवार को दुकान क्यों खोली? गाजियाबाद में नानवेज शॉप पर युवक की दबंगई, आग लगाने की धमकी दी
