जागरण असर: बंद पड़ी हेल्पडेस्क की हुई सफाई, अब महिला पुलिस बल तैनात
दैनिक जागरण की खबर के बाद गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर निष्क्रिय महिला हेल्प डेस्क को सक्रिय कर दिया गया है। ...और पढ़ें

दैनिक जागरण की खबर का असर
HighLights
दैनिक जागरण की खबर से महिला हेल्प डेस्क सक्रिय हुआ।
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर महिला पुलिस बल तैनात।
त्योहारों में महिला यात्रियों को मिलेगी तुरंत मदद।
हसीन शाह, गाजियाबाद। दैनिक जागरण गाजियाबाद के एडिशन में यह खबर 20 अक्टूबर को प्रकाशित हुई थी, जिसका असर हुआ और महिला हेल्प डेस्क की न केवल सफाई कराई गई, बल्कि वहां महिला पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है।
गाजियाबाद रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन लगभग 70 हजार यात्रियों का आवागमन होता है, जिनमें 35 से 40 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं। दैनिक जागरण ने 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत बने इस महिला हेल्प डेस्क की जमीनी हकीकत उजागर की थी।
त्योहारी सीजन में खड़े हो रहे थे सवाल
थाने के ठीक बाहर स्थित हेल्प डेस्क का केबिन लंबे समय से खाली पड़ा था और कुर्सियां धूल फांक रही थीं। पिछले साढ़े 5 महीनों में जीआरपी थाने में दर्ज कुल मामलों में 23 प्रतिशत शिकायतें महिलाओं की थीं, जिसके चलते आगामी दीपावली और छठ पूजा पर सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे थे।
खबर छपते ही जीआरपी प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और केबिन को व्यवस्थित कराकर महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगा दी। अब त्योहारों के सीजन में स्टेशन आने वाली महिला यात्री बिना किसी झिझक के हेल्प डेस्क पर पहुंचकर तुरंत मदद प्राप्त कर सकती हैं।
