विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोबाइल की जगह Zangi एप से बात और फर्जी नामों का इस्तेमाल, 164 किलो गांजे के साथ दो शातिर तस्कर गिरफ्तार

Published: Tue, 17 Nov 2026 03:12 PM (IST)

गाजियाबाद पुलिस ने 164 किलोग्राम गांजे के साथ दो तस्करों प्रवीण त्यागी और अरुण शर्मा को गिरफ्तार किया है।

गांजा तस्करी के नेटवर्क की जानकारी देते पुलिस अधिकारी। जागरण

गांजा तस्करी के नेटवर्क की जानकारी देते पुलिस अधिकारी। जागरण

HighLights

  1. गाजियाबाद में 164 किलो गांजे के साथ दो तस्कर पकड़े गए।

  2. तस्कर जांगी ऐप और फर्जी नामों का उपयोग करते थे।

  3. पश्चिमी यूपी-एनसीआर में फैला था इनका गांजा तस्करी नेटवर्क।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। असली पहचान छिपाने के लिए छद्म नाम, बातचीत के लिए जांगी एप और गांजे की खेप पहुंचाने के लिए अलग-अलग रास्ते। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर में गांजा तस्करी का नेटवर्क चलाने वाले दो आरोपितों ने पुलिस से बचने के लिए पूरा तरीका अपना रखा था।

दोनों एक-दूसरे को असली नाम के बजाय गलत नामों से बुलाते थे। ओडिशा और विशाखापट्टनम के तस्करों से गांजे की डील भी इसी नेटवर्क के जरिये होती थी। पुलिस की अपराध शाखा और मुरादनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों पकड़े गए।

पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 80 लाख रुपये कीमत का 164 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल होने वाला कंटेनर बरामद किया है।

दोनों आरोपियों की थी पुरानी पहचान

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान निवाड़ी रोड स्थित केशव कुंज कॉलोनी निवासी प्रवीण त्यागी और मेरठ के जटौली गांव निवासी अरुण शर्मा के रूप में हुई है। दोनों के बीच पुरानी जान-पहचान थी।

वर्ष 2017 से दोनों अवैध शराब की तस्करी में साथ काम कर रहे थे। हरियाणा निर्मित शराब को गाजियाबाद, मेरठ और हरिद्वार समेत कई स्थानों पर ऊंचे दामों पर बेचते थे। शराब के कारोबार में अपेक्षित मुनाफा नहीं हुआ तो उन्होंने गांजे की तस्करी शुरू कर दी।

पिछले आठ महीने से दोनों इस धंधे में सक्रिय थे। पूछताछ में सामने आया कि दोनों आपस में बातचीत के लिए जांगी एप का इस्तेमाल करते थे। पहचान छिपाने के लिए एक-दूसरे को छद्म नामों से बुलाते थे।

भूरा के जरिए ओडिशा-विशाखापट्टनम के तस्करों से करते थे संपर्क

गांजे की खरीद के लिए अरविंद उर्फ भूरा के माध्यम से ओडिशा और विशाखापट्टनम के स्थानीय तस्करों से संपर्क किया जाता था। वहां से गांजा लाकर अलग-अलग रास्तों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और एनसीआर में सप्लाई किया जाता था।

तस्करी के लिए प्रवीण ने अपने दोस्त योगेंद्र निवासी मेरठ के नाम पर आशीर्वाद कंपनी का कंटेनर खरीदा था। पिछले करीब छह महीने से इसी कंटेनर के जरिये गांजे की खेप लाई जा रही थी। पुलिस के अनुसार, इस कारोबार में प्रति किलोग्राम गांजे पर करीब तीन हजार रुपये का मुनाफा मिलता था।

पिछले महीने भी 100 किलो गांजे की हुई खपत

पिछले महीने भी करीब 100 किलोग्राम गांजे की खपत हुई थी। पूछताछ में तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए टीम गठित की है।

16 नवंबर की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने काकड़ा पुलिया से सौंदा पुल नहर की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान दोनों को गिरफ्तार किया।

यह भी पढ़ें- भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई: आठ बोरियों में भरा 253 किलो गांजा बरामद, ड्रोन से चला तलाशी अभियान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।