भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई: आठ बोरियों में भरा 253 किलो गांजा बरामद, ड्रोन से चला तलाशी अभियान
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की 45वीं वाहिनी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 253 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। यह बरामदगी ...और पढ़ें

आठ बोरियों में भरा 253 किलो गांजा बरामद
HighLights
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने 253 किलो गांजा जब्त किया।
वीरपुर के पास शैलेशपुर बीओपी की टीम ने की कार्रवाई।
ड्रोन की मदद से व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया।
संवाद सहयोगी, वीरपुर (सुपौल)। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एसएसबी की 45वीं वाहिनी वीरपुर ने बड़ी सफलता हासिल की है। वाहिनी मुख्यालय और सीमा चौकी (बीओपी) शैलेशपुर की संयुक्त टीम ने आठ प्लास्टिक बोरियों में रखा 253 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।
हालांकि मौके से किसी तस्कर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार गश्ती पार्टी मगरमच्छ पुल से सीमा स्तंभ संख्या 205 होते हुए वीरपुर की दिशा में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुल के दूसरी ओर लालपुर गांव के समीप कुछ संदिग्ध प्लास्टिक की बोरियां दिखाई दीं।
बोरियों से गांजे जैसी गंध आने पर जवानों ने तत्काल आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान आठ प्लास्टिक की बोरियां बरामद हुईं, जिनमें मादक पदार्थ भरा हुआ था।
ड्रोन की मदद से व्यापक तलाशी अभियान
घटना की सूचना तत्काल उप कमांडेंट हरजीत राव और सहायक कमांडेंट राहुल कुमार को दी गई। सूचना मिलते ही सहायक कमांडेंट आवश्यक जब्ती सामग्री, ड्रग डिटेक्शन किट और अन्य उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद ड्रोन की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि, इस दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।
आवश्यक जांच और वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आठों बोरियों में कुल 253 किलोग्राम गांजा होने की पुष्टि हुई। इसके बाद बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भीमनगर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया। इस कार्रवाई में एसएसबी के सहायक उप निरीक्षक कांछा सोनार सहित अन्य जवान शामिल थे।
इस संबंध में कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसएसबी लगातार सतर्कता और निगरानी बरत रही है। इस तरह की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।