CCSU Update: दिसंबर से विषम सेमेस्टर परीक्षाएं, PhD इंटरव्यू और स्कॉलरशिप वेरिफिकेशन को लेकर अहम घोषणाएं
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय दिसंबर से विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू करेगा, जिसमें प्रथम सेमेस्टर के लिए बहुविकल्पीय और तृतीय व पंचम सेमेस्टर के लिए वर्णनात्मक प्रश्नपत्र होंगे।

परीक्षाएं देतीं छात्राएं। फाइल फोटो - सोशल मीडिया
HighLights
सीसीएसयू विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 10 दिसंबर से होंगी शुरू।
संगीत विषय में पीएचडी साक्षात्कार 8 दिसंबर को आयोजित होगा।
छात्रवृत्ति सत्यापन में कॉलेजों की जिम्मेदारी तय की गई।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में पढ़ने वाले स्नातक विद्यार्थियों की दिसंबर सत्र की परीक्षाओं की तैयारी शुरू हो गई है।
विश्वविद्यालय ने प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं 10 दिसंबर से कराने का निर्णय लिया है। परीक्षा नियंत्रक की ओर से कार्यक्रम जारी कर सभी संबद्ध महाविद्यालयों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा में प्रश्नपत्रों का प्रारूप सेमेस्टर के अनुसार अलग रहेगा। प्रथम सेमेस्टर के मुख्य, बैक पेपर और एक्स श्रेणी के विद्यार्थियों को बहुविकल्पीय प्रश्नपत्र हल करने होंगे। जबकि तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं वर्णनात्मक प्रश्नपत्रों के आधार पर होंगी। समयावधि भी प्रश्नपत्र के प्रारूप के अनुसार तय की गई है।
बहुविकल्पीय परीक्षा के लिए दो घंटे और वर्णनात्मक परीक्षा के लिए तीन घंटे मिलेंगे। प्रथम और तृतीय सेमेस्टर के को-करिकुलम विषय की परीक्षा 100 अंकों की होगी। पंचम सेमेस्टर में इसी विषय का प्रश्नपत्र 75 अंकों का निर्धारित किया गया है। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को परीक्षा कार्यक्रम के लिए अपने संबंधित कॉलेज से संपर्क करने की सलाह दी है।
8 दिसंबर को होगा साक्षात्कार
संगीत विषय में पीएचडी करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने साक्षात्कार की तारीख तय कर दी है। आठ दिसंबर को सुबह 10 बजे से विश्वविद्यालय परिसर में साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए अवमुक्त श्रेणी के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है।
साक्षात्कार विश्वविद्यालय परिसर स्थित संकायाध्यक्ष कला कार्यालय, राजनीति विज्ञान विभाग में होगा। अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता से जुड़े मूल प्रमाणपत्र और उनकी स्वप्रमाणित प्रतियां साथ रखनी होंगी। आवेदन फार्म की प्रति और प्रवेश पत्र के साथ पहचान पत्र व पासपोर्ट साइज फोटो भी लाना अनिवार्य है।
इसके अलावा संबंधित अभ्यर्थियों को जाति प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांगता प्रमाणपत्र (जहां लागू हो) प्रस्तुत करना होगा। नेट, जेआरएफ अथवा पीएचडी प्रवेश संबंधी प्रमाणपत्र भी साथ लाने होंगे। साक्षात्कार के लिए प्रस्तावित शोध क्षेत्र पर 500 शब्दों का लेख तैयार करना भी जरूरी है। विश्वविद्यालय ने निर्देश दिया है कि निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने वाले अभ्यर्थियों का अभ्यर्थन निरस्त कर दिया जाएगा।
कॉलेज की तय होगी जिम्मेदारी
दशमोत्तर छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए विद्यार्थियों की पात्रता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी अब महाविद्यालयों को भी निभानी होगी। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध कॉलेजों और संस्थानों से छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों का सत्यापित विवरण मांगा है।
समाज कल्याण विभाग के निर्देशों के बाद विश्वविद्यालय ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी एसपी सिंह ने महाविद्यालयों से नए और नवीनीकरण श्रेणी के विद्यार्थियों की अलग-अलग संख्या निर्धारित प्रारूप में उपलब्ध कराने को कहा है। आवेदन फार्म की पीडीएफ भी जमा करनी होगी। खास बात यह है कि प्रत्येक विद्यार्थी की कक्षा में कम से कम 75 प्रतिशत उपस्थिति होने का प्रमाण भी देना होगा।
महाविद्यालयों के प्राचार्य और सचिव को शपथपत्र देकर यह पुष्टि करनी होगी कि छात्रवृत्ति मांगपत्र में कोई अपात्र या फर्जी विद्यार्थी शामिल नहीं है। विद्यार्थियों के बैंक खाते और अन्य दस्तावेजों की जांच भी संस्थानों को करनी होगी। जाति, आय और निवास प्रमाणपत्र राजस्व विभाग की वेबसाइट से सत्यापित होने चाहिए।
वहीं, अभिभावकों की पारिवारिक आय समाज कल्याण विभाग के निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सत्यापन के बाद ही पूरी जानकारी नोडल अधिकारी को भेजी जाए। गलत जानकारी या लापरवाही मिलने पर संबंधित महाविद्यालय की जिम्मेदारी तय होगी।
30 नवंबर को खुलेगा एमएमएच कॉलेज
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की प्रयोगात्मक और मौखिक परीक्षाओं में शामिल नहीं हो सके विद्यार्थियों को एक और अवसर दिया गया है। विश्वविद्यालय ने इन छूटी परीक्षाओं के आयोजन के लिए एमएमएच कॉलेज को केंद्र निर्धारित किया है। परीक्षाएं 30 नवंबर को सुबह 10 बजे से होंगी।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजय कुमार सिंह ने बताया कि वार्षिक और सेमेस्टर एनईपी प्रणाली के तहत दर्शनशास्त्र, शारीरिक शिक्षा, स्वास्थ्य शिक्षा एवं क्रीड़ा तथा लाइब्रेरी साइंस विषयों की परीक्षाएं कराई जाएंगी। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ अपनी प्रयोगात्मक फाइल लानी होगी।
इसके अलावा संबंधित सेमेस्टर की अंकतालिका और फीस रसीद भी जरूरी है। पहचान के लिए आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र में से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत करना होगा। विद्यार्थियों को निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।