ग्रेटर नोएडा PNB फ्रॉड में CBI की एंट्री, महिला बैंककर्मी ने उड़ाए 10.24 करोड़ रुपये; 49 FD से साफ की रकम
ग्रेटर नोएडा के पीएनबी सेक्टर पाई शाखा में ग्राहकों के खातों से 10.24 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने ...और पढ़ें

सीबीआई ने मामले में एफआईआर दर्ज की। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की ग्रेटर नोएडा स्थित सेक्टर पाई शाखा में 10.24 करोड़ रुपये ग्राहकों के खातों से निकाले जाने के मामले में सीबीआई की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा ने मुकदमा दर्ज किया है।
बैंक की आंतरिक जांच में सामने आया कि शाखा में तैनात एक महिला कर्मचारी ने अन्य बैंक अधिकारियों की यूजर आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग कर ग्राहकों के बचत और सावधि जमा खातों से रकम निकाली।
इस मामले में बैंक की शिकायत पर सीबीआई ने कार्यालय सहायक दीपांशी, अशुतोष पाठक और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
यूजर आईडी का दुरुपयोग कर निकाली रकम
बैंक की ओर से 23 अक्टूबर को मुख्य प्रबंधक अजय कुमार पांडेय ने सीबीआई की गाजियाबाद शाखा में शिकायत दी थी। इसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
बैंक की शिकायत में दीपांशी के अलावा अशुतोष कुमार पाठक, प्रदीप कुमार, मेंबंती देवी, प्रियंका कुमारी, शांति देवी, शालिनी और सरोज देवी के नाम शामिल हैं। बैंक ने सीबीआई को दी अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में बताया है कि दीपांशी शाखा में कार्यालय सहायक के पद पर तैनात थी।
उसे स्वतंत्र रूप से ग्राहकों के खातों से लेनदेन करने का अधिकार नहीं था। आरोप है कि उसने वरिष्ठ शाखा प्रबंधक निशा तिर्की, वरिष्ठ ग्राहक सेवा सहयोगी संदीप प्रकाश शर्मा, ग्राहक सेवा सहयोगी मीनाक्षी और सतीश कुमार, रिलेशनशिप मैनेजर शैलेंद्र कुमार तथा अधिकारी लवली जैन की यूजर आईडी का इस्तेमाल किया।
जांच में बचत खातों से अनधिकृत निकासी के साथ एफडी खातों में भी हेराफेरी सामने आई। कई एफडी में अशुतोष पाठक और अन्य लोगों को संयुक्त खाताधारक बनाया गया।
इसके बाद भुगतान खाते का विवरण बदलकर एफडी समय से पहले बंद कराई गई और रकम संदिग्ध खातों में भेज दी गई। बैंक ने 49 एफडी खातों के लेनदेन का विवरण दिया है।
ग्राहकों के मोबाइल नंबर भी हटाए
कुछ ग्राहकों के मोबाइल पर आने वाले लेनदेन संबंधी संदेश भी बंद किए जाने का आरोप है। इससे ग्राहकों को खाते से रकम निकलने की जानकारी ही नहीं हो सकी। इससे आरोपी लंबे समय तक बैंक शाखा में फर्जीवाड़ा करने में सफल रहे।
पासबुक अपडेट कराने पर खुला फर्जीवाड़ा
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर पाई स्थित पीएनबी शाखा में संगीता नाम की महिला अपने पति और बेटी के साथ पासबुक अपडेट कराने पहुंचीं। इस दौरान उन्हें पता चला कि 16 सितंबर को उनके बचत खाते से उनकी जानकारी के बिना तीन लेनदेन किए गए हैं।
उन्होंने शाखा प्रबंधक से शिकायत की। शाखा प्रबंधक ने दीपांशी से पूछताछ की तो उसने बताया कि संगीता ने संपत्ति में निवेश के लिए रकम अशुतोष पाठक के खाते में भेजी थी।
जब बैंक ने लेनदेन के वाउचर मांगे तो वे नहीं मिले। सख्ती से पूछताछ में दीपांशी ने गड़बड़ी स्वीकार कर ली।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में रुकेगी पहली वंदे भारत स्लीपर, वाराणसी जाने वालों को बड़ी राहत; अब नहीं जाना पड़ेगा दिल्ली
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।