डासना जेल में कैसी गुजरी आजम खान की पहली रात? फर्श पर कंबल बिछाकर सोए, नए बंदियों की बैरक में रखा
सपा नेता आजम खां ने डासना जेल में अपनी पहली रात सामान्य कैदियों की तरह बिताई, जहां उन्हें फर्श पर ...और पढ़ें

10 दिन आम बंदियों की बैरक में रहेंगे आजम खान। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। सपा नेता आजम खां की डासना जेल में पहली रात सामान्य बंदियों की तरह गुजरी। उन्हें जेल में कोई विशेष सुविधा नहीं दी गई। अन्य बंदियों की तरह बैरक के फर्श पर कंबल बिछाकर सोना पड़ा। यहां 10 दिन बिताने के बाद उन्हें दूसरी बैरक आवंटित की जाएगी।
नए बंदियों के लिए अलग बैरक
जेल अधीक्षक सीताराम शर्मा ने बताया कि आजम खां को भी सामान्य बंदियों की तरह ही रखा गया है। जेल में नए आने वाले बंदियों के लिए अलग बैरक निर्धारित है। इस बैरक में प्रत्येक नए बंदी को 10 दिन तक रहना होता है।
इसके बाद नियमानुसार दूसरी बैरक आवंटित की जाती है। आजम खां के लिए भी यही व्यवस्था लागू की गई है। पहली रात उन्होंने बैरक में फर्श पर बिछाए गए कंबल पर आराम किया।
मनी लांड्रिंग मामले में भेजे गए जेल
आजम खां को रविवार को ही विशेष ईडी कोर्ट ने मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मनी लांड्रिंग के मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेजा है। कोर्ट में 13 नवंबर को आजम खां की पेशी होगी।