विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ED की पूछताछ पूरी होने के बाद डासना जेल भेजे गए आजम खां, 26 नवंबर को होगी अगली सुनवाई

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:37 PM (IST)

पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां को 426.46 करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले में ईडी रिमांड पूरी होने के बाद विशेष पीएमएलए अदालत ने न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां। फोटो-जागरण आर्काइव

पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खां। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. आजम खां को ईडी रिमांड के बाद डासना जेल भेजा गया।

  2. 426.46 करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले का मामला है।

  3. ईडी ने ट्रस्ट के चंदे और खर्च पर पूछताछ की।

जागरण संवादाता, गाजियाबाद। 426.46 करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले और सरकारी धन व संपत्तियों के दुरुपयोग के मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री और सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद सोमवार को विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया गया।

अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया। मामले की अगली सुनवाई के लिए 26 नवंबर को होगी।

ईडी 31 अक्टूबर को किया था गिरफ्तार

प्रवर्तन निदेशालय ने 31 अक्टूबर को आजम खां को रामपुर जेल से बाहर आते ही गिरफ्तार किया था। इसके बाद एक नवंबर को उन्हें गाजियाबाद की विशेष अदालत में पेश किया गया था।

उस वक्त अदालत ने एजेंसी की रिमांड मांग को अस्वीकार करते हुए आजम को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया था।

चार दिनों की बढ़ी थी रिमांड

ईडी ने फिर से उनकी चार दिन की रिमांड मांगी थी। गुरुवार को अदालत ने आजम को चार दिन की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत में भेजने का आदेश दिया था। रिमांड अवधि 12 नवंबर 2026 की शाम 4:30 बजे से शुरू होकर 16 नवंबर 2026 की शाम 4:30 बजे तक थी।

ईडी ने आजम खां से क्या पूछा?

ईडी ने आजम खां से लगातार तीन दिन तक पूछताछ करने के बाद सोमवार सुबह गाजियाबाद की अदालत में पेश किया।

पूछताछ के दौरान जांच एजेंसी का जोर इस बात पर रहा कि मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट को अलग-अलग स्रोतों से कितना चंदा मिला और इस रकम का इस्तेमाल विश्वविद्यालय के निर्माण तथा विकास कार्यों में किस तरह किया गया।

जांच में सहारनपुर में आजम खां के चार्टर्ड अकाउंटेंट से जुड़े ठिकानों पर हुई छापेमारी के दौरान मिले दस्तावेज भी अहम कड़ी बने हैं। ईडी ने इन दस्तावेजों के आधार पर ट्रस्ट के बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और विश्वविद्यालय के निर्माण पर खर्च की गई रकम को लेकर आजम खां से सवाल किए।

चंदे के स्त्रोत से लेकर इस्तेमाल तक जानकारी

जांच एजेंसी चंदे के स्रोत से लेकर उसके इस्तेमाल तक की पूरी वित्तीय कड़ी खंगाल रही है। सोमवार को कोर्ट में पेश करने के बाद ईडी ने आजम का रिमांड की अवधि बढ़ाने की मांग नहीं की। आजम खां के अधिवक्ता महेश यादव ने बताया कि उन्होंने जमानत के लिए प्रार्थना पत्र नहीं दिया है।

यह भी पढ़ें- गाजियाबाद के हाउस टैक्स बकायेदारों को बड़ी राहत, एकमुश्त समाधान योजना की डेडलाइन बढ़ी; जानें नई तारीख

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।