विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

426.46 करोड़ के घोटाले में फंसें आजम खां, गाजियाबाद कोर्ट ने 4 दिन की ED रिमांड पर भेजा; 5 शर्तें भी रखीं

Published: Thu, 12 Nov 2026 08:44 PM (IST)

समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत ने 426.46 करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले में चार दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया है।

ईडी ने आजम खान को चार दिन की रिमांड पर लिया। फोटो: आर्काइव

ईडी ने आजम खान को चार दिन की रिमांड पर लिया। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. आजम खां को चार दिन की ईडी हिरासत में भेजा गया।

  2. 426.46 करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले में पूछताछ होगी।

  3. ईडी धन लेनदेन, शेल संरचनाओं की जांच करेगी।

जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के नेता मोहम्मद आजम खां को गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए अदालत ने चार दिन की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) हिरासत में भेज दिया है।

426.46 करोड़ रुपये के वित्तीय घोटाले और सरकारी धन व संपत्तियों के दुरुपयोग के मामले में अदालत ने बचाव पक्ष की आपत्तियां खारिज करते हुए हिरासत में पूछताछ को जरूरी माना।

रिमांड अवधि 12 नवंबर 2026 की शाम 4:30 बजे से 16 नवंबर की शाम 4:30 बजे तक रहेगी।

लेनदेन की जांच के लिए रिमांड जरूरी

गाजियाबाद की विशेष न्यायाधीश पीएमएलए कोर्ट नंबर-1 ने गुरुवार को दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और रिकॉर्ड का अवलोकन करने के बाद ईडी की रिमांड अर्जी स्वीकार कर ली।

अदालत ने प्रथम दृष्टया पाया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए), 2002 की धारा 19 के तहत सभी वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन किया गया है।

अदालत के मुताबिक, पहले दर्ज किए गए बयानों के दौरान आजम खां का रवैया टालमटोल वाला रहा। मामले में धन के व्यापक लेनदेन की कड़ियां जोड़ने, अपराध से अर्जित धन को छिपाने और विभिन्न संस्थाओं व शेल संरचनाओं की संलिप्तता का पता लगाने के लिए हिरासत में पूछताछ जरूरी है।

बचाव पक्ष की ओर से उठाई गई आपत्तियों को अदालत ने निराधार बताते हुए खारिज कर दिया। आर्थिक अपराध की गंभीरता को देखते हुए चार दिन की ईडी रिमांड मंजूर की गई।

ईडी को इन 5 शर्तों का करना होगा पालन

अदालत ने रिमांड मंजूर करते हुए ईडी के लिए पांच शर्तें तय की हैं। इनका पालन हिरासत की पूरी अवधि के दौरान करना होगा।

1. मेडिकल जांच अनिवार्य: हिरासत शुरू होने से ठीक पहले और रिमांड अवधि खत्म होने पर अदालत में पेश करने से पहले आजम खां का मेडिकल परीक्षण कराना होगा।

2. शारीरिक या मानसिक यातना नहीं: हिरासत के दौरान किसी भी तरह की शारीरिक या मानसिक यातना नहीं दी जाएगी। थर्ड डिग्री तरीकों का इस्तेमाल भी नहीं किया जा सकेगा।

3. वकील से मुलाकात: आजम खां के पसंद के एक अधिवक्ता को प्रतिदिन एक घंटे उनसे मिलने की अनुमति होगी। हालांकि, मुलाकात के दौरान जांच में किसी तरह का हस्तक्षेप नहीं होना चाहिए।

4. नियमित स्वास्थ्य जांच: किसी चिकित्सीय आपात स्थिति में तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करानी होगी। इसके अलावा हर 48 घंटे में स्वास्थ्य जांच कराना अनिवार्य होगा।

5. रिमांड खत्म होने पर अदालत में पेशी: ईडी के जांच अधिकारी को रिमांड अवधि समाप्त होने पर आजम खां को अदालत के समक्ष पेश करना होगा।

30 अक्टूबर को रामपुर में हुई थी गिरफ्तारी

ईडी ने 30 अक्टूबर को आजम खां को रामपुर जेल से बाहर आते ही गिरफ्तार किया था। इसके बाद एक नवंबर को उन्हें गाजियाबाद की विशेष अदालत में पेश किया गया।

उस समय अदालत ने ईडी की रिमांड मांग खारिज करते हुए उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में डासना जेल भेज दिया था। साथ ही 13 नवंबर को जेल से पेश करने का आदेश दिया था।

अब अदालत ने ईडी को चार दिन की हिरासत दे दी है। इस दौरान एजेंसी मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और अन्य पहलुओं पर आजम खां से पूछताछ करेगी।

शाम 8 बजे आजम को लेकर निकली ईडी 

चार दिन की कस्टडी का आदेश मिलने के बाद बृहस्पतिवार शाम करीब साढ़े सात बजे ईडी की टीम डासना जेल पहुंची। कुछ देर जेल में रुकने के बाद टीम रात करीब आठ बजे आजम खां को लेकर रवाना हो गई।

यह भी पढ़ें- आजम खान को SC से बड़ा झटका, ED मामले में जमानत याचिका पर सुनवाई से इनकार; फिलहाल जेल में ही रहना होगा

यह भी पढ़ें- जेल के गेट से गिरफ्तार आजम खान पहुंचे सुप्रीम कोर्ट, अनुच्छेद 32 के सहारे ED से जंग की तैयारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।