चीन में गूंजेगा गाजियाबाद का नाम, एशियन पैरा गेम्स में दो खिलाड़ियों का चयन; बढ़ाएंगे देश का गौरव
गाजियाबाद के दो पैरा एथलीट प्रदीप यादव और सिमरन शर्मा जापान में होने वाले एशियन पैरा गेम्स में भारत का ...और पढ़ें
-1791516150481_m.webp)
एशियन पैरा गेम्स में गाजियाबाद के दो खिलाड़ियों का चयन
HighLights
एशियन पैरा गेम्स में गाजियाबाद के दो खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे
प्रदीप यादव डिस्कस थ्रो, सिमरन शर्मा 100 मीटर दौड़ में भारत का प्रतिनिधित्व
गाजियाबाद के खिलाड़ी क्रिकेट, टेबल टेनिस, बैडमिंटन में भी हुए चयनित
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। जापान के नागोया में होने वाले पांचवें एशियन पैरा गेम्स में गाजियाबाद के दो खिलाड़ी भारतीय दल का हिस्सा होंगे। डिस्कस थ्रो में प्रदीप यादव और 100 मीटर दौड़ में सिमरन शर्मा भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
नई दिल्ली के आइटीसी मौर्या होटल में आयोजित सेंड आफ समारोह में दोनों खिलाड़ियों को टीम इंडिया की आधिकारिक किट और तिरंगा प्रदान किया गया।
इन लोगों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
इस अवसर पर पैरा एथलेटिक्स एसोसिएशन आफ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष जेपी सिंह, गाजियाबाद पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव मोनू कुमार ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों का लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतना और तिरंगा ऊंचा करना है।
जेएलएन युवा केंद्र अकादमी के तीन क्रिकेटर चयनित
जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र क्रिकेट अकादमी के तीन खिलाड़ियों का रेलवे एवं उत्तर प्रदेश की दो टीमों में चयन हुआ है। उक्त जानकारी देते हुए अकादमी के प्रशिक्षक देवेंद्र सिंह ने बताया कि अकादमी के मीडियम पेसर ऑल राउंडर दीपांशु चौधरी का चयन अंडर-23 रेलवे टीम तथा लेग स्पिनर आयुष अग्रवाल का चयन उत्तर प्रदेश अंडर-19 टीम एवं वीनू मांकड़ ट्राफी के लिए हुआ है। उन्होंने इसका श्रेय इन खिलाड़ियों के निरंतर अभ्यास, मेहनत और समर्पण को दिया है।
टेबल टेनिस में पांच खिलाड़ी मंडलीय ट्रायल के लिए चयनित
राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालक-बालिका टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए महामाया स्टेडियम में जिला स्तरीय चयन ट्रायल आयोजित किए गए, जिसमें प्रदर्शन के आधार पर बालिका वर्ग में लेसा, अंशिता राज और आराध्या तथा बालक वर्ग में सक्षम रावत और अंश का चयन मंडलीय चयन ट्रायल के लिए किया गया। चयनित खिलाड़ी नौ अक्टूबर को मेरठ के कैलाश प्रकाश स्टेडियम में होने वाले मंडलीय ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे।
यहां बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए होगा। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 11 से 13 अक्टूबर तक सहारनपुर में आयोजित होगी। इस मौके पर क्रीड़ाधिकारी राम मिलन के साथ ही प्रशिक्षक भी उपस्थित रहे।
बैडमिंटन में गाजियाबाद की तीन महिला खिलाड़ियों का चयन
प्रदेशीय सीनियर महिला-पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए मेरठ मंडल की टीम में गाजियाबाद की तीन महिला खिलाड़ियों का चयन हुआ है। शबनम, सोनिया और स्वाती मेरठ मंडल की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। तीनों खिलाड़ी 10 से 12 अक्टूबर तक वाराणसी में आयोजित होने वाली प्रदेशीय सीनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी।
खिलाड़ियों के चयन से जिले के खेल जगत में खुशी है। क्रीड़ा अधिकारी राम मिलन ने खिलाड़ियों से अनुशासन, खेल भावना और पूर्ण समर्पण के साथ खेलने का आह्वान किया।
रोमांचक मुकाबले में इनविजिबल ने सुपरकिंग्स को तीन रन से हराया
राजनगर एक्सटेंशन के मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मैच में इनविजिबल और सुपरकिंग्स के बीच रोमांचक मुकाबला खेला गया, जिसमें इनविजिबल टीम ने यह मैच तीन रन के नजदीकी अंतर से जीत लिया। इनविजिबल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 205 रन बनाए। .
अचिंत्य सिंह ने नाबाद 74 और अभिषेक ने 61 रन बनाए। शिखर ने तीन, शिशिर ने दो विकेट लिए। जवाब में सुपरकिंग्स की टीम 202 रन बनाकर आउट हो गई। सचिन व मोहित ने 46-46 रन की पारी खेली। चेतन, मनीष और प्रवीन ने तीन-तीन विकेट लिए। मैन आफ द मैच का पुरस्कार अचिंत्य सिंह को दिया गया।
