'21वीं सदी भारत की होगी', दो दिवसीय क्षेत्रीय अधिवेशन कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गाजियाबाद में अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के अधिवेशन के उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा ...और पढ़ें

केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, जागरण।
HighLights
केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने गाजियाबाद में संबोधन दिया।
स्वामी विवेकानंद की भविष्यवाणी 21वीं सदी भारत की होगी।
अधिवक्ता परिषद के अधिवेशन में अधिवक्ता संरक्षण कानून पर चर्चा।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की भविष्यवाणी के अनुसार 21वीं सदी भारत की होगी। उनकी पिछली दो भविष्यवाणियां सच साबित हुई हैं और अब तीसरी भी सच होने वाली है।
एशिया विश्व की सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभर रहा है और भारत इसका नेतृत्व करेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार इस दिशा में आगे बढ़ रहा है।
दो दिवसीय क्षेत्रीय अधिवेशन का उद्घाटन
अर्जुन राम मेघवाल ने इस दौरान शनिवार को नेहरूनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय आडिटोरियम में अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के दो दिवसीय क्षेत्रीय अधिवेशन के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अधिवक्ता परिषद की ओर से पहले दिए गए सुझावों में अधिवक्ता संरक्षण कानून और अधिवक्ताओं के बीमा संबंधी सुझावों को आगे बढ़ाया गया है। अधिवेशन में आने वाले सुझावों पर भी काम किया जाएगा।
आंदोलनों में भ्रम फैलाने का लगाया आरोप
विशिष्ट अतिथि परिषद की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के अध्यक्ष न्यायमूर्ति एन नागरेश ने कहा कि परिषद अधिवक्ताओं को समाज का नेता मानती है। स्वतंत्रता संग्राम में भी अधिवक्ताओं की सक्रिय भूमिका रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ आंदोलनों के माध्यम से भारतीय लोकतांत्रिक व्यवस्था और संस्थाओं के प्रति संदेह पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए भ्रामक आंकड़ों का इस्तेमाल भी हो रहा है।
अलग-अलग राज्यों के अधिवक्ता हुए शामिल
अधिवक्ताओं को समाज को ऐसे प्रयासों के प्रति जागरूक रखना चाहिए। अधिवेशन की शुरुआत अतिथियों के दीप प्रज्ज्वलन और वंदेमातरम के सामूहिक गायन से हुई। इसमें उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जिलों, तहसीलों और उच्च न्यायालयों से 1200 से अधिक अधिवक्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय संयोजक विपिन त्यागी ने किया। इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग, परिषद के राष्ट्रीय मंत्री चरण सिंह त्यागी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश राय, क्षेत्रीय संगठन मंत्री हरि बोरेकर और गाजियाबाद इकाई की अध्यक्ष श्रद्धा सिंह सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
