आदित्य वर्ल्ड सिटी में 92 हजार वर्ग मीटर से अधिक जमीन पर अतिक्रमण का आरोप, GDA से कार्रवाई की मांग
गाजियाबाद की आदित्य वर्ल्ड सिटी में बिल्डर पर विकास कार्यों और जनसुविधाओं के नियमों के उल्लंघन का आरोप लगा है।

जीडीए नोटिस के बाद भी नहीं सुधरे हालात। (फाइल फोटो)
HighLights
बिल्डर पर सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण का आरोप।
सार्वजनिक सुविधाओं के विकास में गंभीर कमी की शिकायत।
अनट्रीटेड सीवर पानी छोड़ने का भी आरोप।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। एनएच-9 स्थित आदित्य वर्ल्ड सिटी में विकास कार्यों और जनसुविधाओं को लेकर बिल्डर पर नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष डा. शिव कुमार ने जीडीए उपाध्यक्ष को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
उनका आरोप है कि जीडीए की ओर से 17 अक्टूबर को जारी दो नोटिसों की समयसीमा समाप्त होने के बावजूद बिल्डर ने शिकायतों का निस्तारण नहीं किया है। पत्र में 92,700 वर्ग मीटर से अधिक सार्वजनिक उपयोग की जमीन पर अतिक्रमण का आरोप लगाया गया है।
45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़क
इसमें 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान सड़क और 30 मीटर चौड़ी ग्रीन बेल्ट शामिल है। इसके अलावा सार्वजनिक सुविधाओं, नर्सरी स्कूल, डाकघर और आंगनबाड़ी का विकास नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया है। शिकायत में दो ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों पर बिना उपचारित सीवर का पानी निचले क्षेत्र की सीवर लाइन में डालने का आरोप लगाया गया है।
साथ ही, स्वीकृत लेआउट के तहत एसटीपी समेत अन्य सामुदायिक सुविधाओं का विकास 18 प्रतिशत से अधिक नहीं होने की बात कही गई है। पत्र में बंद सड़कों, अधूरी स्ट्रीट लाइट, सीवर-पानी के कनेक्शन और बिजली सबस्टेशन विकसित नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया है। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ने जीडीए से बिल्डर के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।