'पूरी रात क्या हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे' आखिर क्यों सपा MP रामजी लाल सुमन ने इंस्पेक्टर अनुज राणा से नाराजगी जताई?
Firozabad News: सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने फिरोजाबाद में एक महिला की मौत के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर ...और पढ़ें

Firozabad News: कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ मंगलवार दोपहर धरने पर बैठे सपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सदस्य रामजीलाल सुमन (पीछे दाएं से तीसरे) से वार्ता करते एसपी ग्रामीण अनुज चौधरी (बाएं से दूसरे) : जागरण
HighLights
सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
एक महिला की मौत के बाद छह पुलिसकर्मी निलंबित किए गए।
मृतका के नवजात बेटे का आगरा में उपचार चल रहा है।
जागरण संवाददाता, फिरोजाबाद। Firozabad News: धरना प्रदर्शन के दौरान सपा सांसद रामजी लाल सुमन ने इंस्पेक्टर अनुज राणा से पूरे प्रकरण को लेकर नाराजगी जताई। उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि ये पूछताछ के नाम पर पुलिसकर्मी किसी को पकड़ कर लाए। आपने क्या देखा..? पूरी रात क्या हनुमान चालीसा पढ़ते रहे। जिसको पकड़ कर लाए। उससे कोई बात ही नहीं की। सांसद ने कहा कि गांव की राजनीति में आपकी पुलिस मिली हुई है। इसलिए एक निर्दोष महिला की मृत्यु हो गई।
रात 11 बजे हुआ अंतिम संस्कार, शव को लेकर पुलिस से हुआ विवाद
पोस्टमार्टम के बाद सोमवार रात साढ़े आठ बजे पुलिस ने एंबुलेंस से शव गांव भेजने का प्रयास किया तो स्वजन ने रोक दिया। उन्होंने विरोध जताते हुए कहा कि वे अपने वाहन से शव को ले जाएंगे। सीओ सिटी संतोष कुमार शर्मा ने समझाया। गांव में शव पहुंचने के बाद भी स्वजन ने ये कहते हुए अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया कि पहले दोषी पुलिसकर्मियों पर प्राथमिकी दर्ज कराई जाए।
छह पुलिसकर्मी हुए हैं निलंबित
गांव में पहले से तैनात पुलिस अधिकारियों ने उन्हें छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किए जाने की जानकारी देने के साथ ही निष्पक्ष जांच का आश्वासन देकर शांत किया। इसे बाद रात 11 बजे अंतिम संस्कार किया गया। बहुजन समाज पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार सुबह 11 बजे पीड़ित के घर जाएगा।
बच्चे का आगरा में चल रहा उपचार
अंजली के नवजात बेटे की हालत बिगड़ने पर स्वजन सोमवार रात 10 बजे उसे आगरा के कमला नगर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसका उपचार चल रहा है। परिवार के अनुसार गौरव फोटो स्टूडियो चलाते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है।
यह भी पढ़ें- पति को पकड़ने गई फिरोजाबाद पुलिस ने गर्भवती को मारी लात, मौत के बाद 6 पुलिसकर्मी निलंबित
दुकानदार घर में ताला लगाकर गायब
परचून की दुकान में चोरी की जिस घटना को लेकर पुलिस गौरव को पकड़ कर लाई थी। उसका स्वामी जहेश अपने परिवार सहित गायब हो गया है। मंगलवार को उसके घर पर ताला लगा था। ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार दोपहर अंजली की मृत्यु और थाने में हंगामे की जानकारी होते ही पूरा परिवार कहीं चला गया।
